
जौरा में पहले बाइक से टक्कर मारी, फिर गुंडों को बुलाकर की मारपीट, पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद
मुरैना. जौरा नगर के हृदय स्थल सुभाष रोड स्थित रिहायशी इलाके में बुधवार शाम उस समय कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ गईं, जब आधा दर्जन से अधिक लोगों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने आईं महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार शाम करीब 4 बजे की है। सुभाष रोड निवासी आशीष (35) पुत्र सुरेश चंद्र सिंहल, अपने घर के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान हरवे योगी नामक एक युवक ने अपनी मोटरसाइकिल से उसको टक्कर मार दी। जब आशीष ने लापरवाही से गाड़ी चलाने का विरोध किया, तो आरोपी युवक भडक़ गया। उसने अपनी मोटरसाइकिल बीच सडक़ पर पटक दी और तुरंत फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही मिनटों में आधा दर्जन से अधिक युवक वहां पहुंच गए और बिना किसी बातचीत के आशीष सिंहल पर लात-घूसों से हमला कर दिया। मारपीट की पूरी घटना पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है।
जब घर के भीतर ब्यूटी पार्लर चला रहीं आशीष की पत्नी रेनू सिंहल ने बाहर शोर सुना, तो वह अपने पति को बचाने के लिए दौड़ीं। लेकिन आरोपियों ने सारी हदें पार करते हुए रेनू सिंहल को घेर लिया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
रेनू ने गहने लूटने के भी आरोप लगाए हैं। जब पड़ोस में रहने वाली रंजना और निशा नामक महिलाओं ने मानवता दिखाते हुए बीच-बचाव की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन्हें भी अपना निशाना बनाया। आरोपियों ने उन पर भी हाथ उठाया। करीब 15 मिनट तक सुभाष रोड पर तांडव चलता रहा और हमलावर खुलेआम धमकी देते हुए फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात ने जौरा के रिहायशी इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
Published on:
28 Mar 2026 06:02 pm
बड़ी खबरें
View Allमुरैना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
