- गांव के लोगों ने किया कमाल- सरकार से मदद न मिली तो खुद बनवाई सड़क- ग्रामीणों ने कराया 3 कि.मी सड़क निर्माण- ग्राम रामपुर कला का मामला
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में स्थित एक गांव के ग्रामीणों ने कमाल कर दिखाया है। लंबे समय से शासन-प्रशासन के नेता और अफसरों से गांव की सड़क निर्माण की मांग करते करते हार मान लेने के बाद ग्रामीणों ने खुद ही अपने खर्च पर (जन सहयोग) से सड़क बनाकर सत्ता में बैठे माननीयों और जिम्मेदार अफसरों को शर्मिंदा होने पर मजबूर कर दिया है।
इस गांव के ग्रामीणों के प्रयास की सराहना आस-पास के गांव वाले भी कर रहे हैं। ग्रामीणों का ये प्रयास अन्य लोगों के लिए जो हर काम के लिए सरकार और शासन का मुंह ताकते हैं उसके लिए प्रेरणा स्रोत साबित हुआ है। फिलहाल, अब इस गांव के लोग चुनाव का बहिष्कार करने का दावा कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने खुद बना डाली 3 कि.मी लंबी सड़क
बताया जा रहा है कि, जिले के अंतर्गत आने वाले घाटी इलाके के ग्राम रामपुर कला से करीब 3 किलोमीटर दूर टैलरी शिव मंदिर पर जाने के लिए सुगम रास्ता ना होने की वजह से दर्शनार्थियों को परेशान होना पड़ता है। दर्शनार्थियों को किसी भी तरह की असुविधा ना हो और वो सुलभतापूर्वक भगवान के दर्शन के लिए पहुंच सके, इसके लिए आमजन ने फैसला किया कि, निजी सहयोग से मुख्य सड़क से मंदिर तक सड़क का निर्माण कराया जाए, जिसके बाद अब गांव के नौजवानों के साथ साथ बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने गेती फावड़ा उठाया और सिमेंट कांक्रीट की एक मजबूत सड़क का निर्माण कर दिया।
जल्द पूरा होगा सड़क निर्माण
टैलरी से मंदिर तक सड़क का निर्माण मुख्य सड़क से लेकर पहाड़ी पर स्थित शिव मंदिर तक लोगों के सहयोग से किया जा रहा है। अबतक करीब 80 फीसदी सड़क निर्माण पूरा हो चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि, क्षेत्रीय नेताओं की बेरुखी के कारण अबतक यहां सड़क नहीं बन सकी है। इसलिए अब आम जनता ने ही सड़क निर्माण करवाया है। आम लोगों का ये भी कहना है कि, जल्द ही जन सहयोग से एक मजबूत सड़क निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।