
चैरिटी शो के लिए तैयार किया गया होर्डिंग।
मुरैना. बोनमैरो ट्रांसप्लांट के लिए दिल्ली के अस्पताल में भर्ती आराध्य की मदद के लिए नेकी की दीवार द्वारा शुरू की गई मुहिम ऐसा यज्ञ बन गई है, जिसमें हर वर्ग, हर तबके के लोग आहुति दे रहे हैं। उपचार के लिए जरूरी रकम के इंतजाम में हाथ बंटाने के लिए अब शहर के कलाकारों ने एक चैरिटी शो प्लान किया है, जिसमें बाहर के गायक, डांसर व मिमिक्री आर्टिस्ट शिरकत करेंगे। शो के आयोजन से एकत्रित रकम आराध्य के परिवार को दी जाएगी।
इवेंट मैनेजमेंट कंपनी 'दिल सेÓ तथा टीम नेकी की दीवार के संयुक्त तत्वावधान में चैरिटी शो 'ह्यूमेनिटी विन्सÓ का आयोजन आगामी 28 मई की शाम सात बजे से जीवाजीगंज पार्क में किया जाएगा। आयोजक संस्था के कपिल जौहरी ने बताया कि शो में ग्वालियर के योगेश जैन, फरीदाबाद के अधिराज वालिया, आरोही वालिया, ग्वालियर की नेहा जैन, आगरा के मनोज सेवादिया सहित मुरैना से वे स्वयं तथा अतुल शर्मा व समीक्षा त्रिवेदी सहित अन्य कलाकार गायन प्रस्तुति देंगे। इनके अलावा कुछ डांस ग्रुप्स के कलाकार भी आराध्य की मदद के लिए अपनी कला का प्रदर्शन मंच पर करेंगे। खास बात यह कि बाहर के कलाकारों ने भी इस पावन कार्य में अपनी नि:शुल्क भागीदारी की स्वीकृति दी है। उन्होंने बताया कि चैरिटी शो के माध्यम से आराध्य के लिए सहायता राशि जुटाई जाएगी।
फैशन शो का पैसा भी जाएगा सहायतार्थ
शहर में किड्स फैशन शो तथा मिस मुरैना कॉन्टेस्ट का आयोजन करा रहे लोगों ने भी आराध्य की मदद के लिए हाथ बढ़ाने का फैसला लिया है। होटल धर्म इन के संचालक तेजेन्द्र खेड़ा तथा स्ट्रीट रॉकर्स के मयंक श्रीवास्तव ने बताया कि किड्स फैशन शो तथा मिस मुरैना कान्टेस्ट के आयोजन से जो धनराशि उन्हें प्राप्त होगी, उसे किसी और काम पर खर्च करने के बजाय आराध्य के उपचार के लिए दान में दिया जाएगा।
छात्र नेताओं ने झोली फैलाकर जुटाई मदद
मुरैना. जीवन के लिए संघर्ष कर रहे मासूम आराध्य शर्मा की मदद के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की टीम भी एक संकल्प के साथ जुट गई है। संगठन के पदाधिकारी सोमवार को कोचिंग सेंटर्स पर पहुंचे और झोली फैलाकर छात्र-छात्राओं से मदद मांगी। पहले ही दिन उन्होंने 30 हजार रुपए की धनराशि एकत्रित भी की। अभाविप के जिला संयोजक अमन सिंह सिकरवार के नेतृत्व में कई पदाधिकारी व सदस्य सोमवार को सुबह तकरीबन दो दर्जन कोचिंग सेंटर्स पर पहुंचे। स्वयं अमन सिंह सिकरवार ने वहां छात्र-छात्राओं को अपने आगमन का उद्देश्य बताया और यथासंभव आर्थिक मदद की अपील की। इसके बाद वे झोली फैलाकर छात्र-छात्राओं के बीच घूमे। इस दौरान कई बच्चों ने अपने जेब खर्च के पैसे आराध्य के सहायतार्थ दे दिए। सोमवार को सुबह अभाविप ने 17 हजार, 700 रुपए एकत्रित किए। इसके बाद शाम को वे फिर से कोचिंग सेंटर्स पर गए और सहायता राशि एकत्रित की। इस तरह सोमवार को उन्होंने कुल ३० हजार रुपए की सहायता जुटाई।
Published on:
22 May 2018 05:33 pm

बड़ी खबरें
View Allमुरैना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
