जानकारी के अनुसार सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात को अज्ञात चोरों ने पहले देवगढ़ की पुलिया पर स्थित देशी शराब के ठेके से पांच हजार रुपए व शराब के पांच क्वाटर चुराए, उसके बाद बनवारी लाल शर्मा के घर से 600 रुपए बक्सा से निकालकर ले गए। उसके बाद सुरेश व्यास के घर से चोरी की। यहां शौचालय के सहारे छत पर चढ़कर मकान के अंदर प्रवेश किया। यहां अलमारी में रखी सोने की एक जंजीर, झुमकी, झाले, दो अंगूठी, मंगलसूत्र साढ़े तीन तोला वजनी, चांदी की तोडिय़ा, बिछिया और 57000 रुपए नगद चुराकर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई गई है। सुरेश के भाई नरेश व्यास ने बताया कि पिताजी बालमुकुंद व्यास का स्वास्थ्य खराब था इसलिए परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर खुले में पिताजी के पास ही सो रहे थे। इसी का फायदा उठाकर चोर अंदर घुसे और माल समेटकर ले गए। रात साढ़े तीन बजे छोटा भाई रामभजन जागा तो उसको तीन चोर शौचालय से कूदकर भागते दिखे। उसने घर परिवार के लोगों को जगाया तब वह भाग चुके थे। पुलिस को सुरेश व्यास के घर से एक थैला में क्वाटर मिले हैं।