25 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुरैना में ट्रक ने बाइक में पीछे से मारी टक्कर, तीन की मौत

ग्वालियर से करौली जा रहे थे मृतक, हाईवे पर छौंदा पुल के पास हुआ एक्सीडेंट, रात को जाम में फंसे रहे दर्जनों वाहन

4 min read
Google source verification

मुरैना. नेशनल हाईवे क्रमांक 44 पर छौंदा पुल के पास ट्रक ने मोटरसाइकिल में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक की जिला अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई। घटना मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात 12.30 बजे की है। एक्सीडेंट के बाद हाईवे पर जाम लग गया। करीब आधा घंटे तक दर्जनों वाहन जाम में फंसे रहे। पुलिस पहुंची, बॉडी व घायल को उठाया तब जाम खुल सका

पुलिस के अनुसार एक मोटरसाइकिल पर राजकुमार (21) पुत्र राजेन्द्र वर्मा निवासी घुघुवा थाना बरुआ सागर जिला झांसी उप्र, अपने दोस्त प्रदीप वर्मा निवासी कुडऱी थाना गरौठा जिला झांसी उप्र एवं दूसरी मोटरसाइकिल पर अरुण (22) पुत्र शिवराज प्रजापति निवासी रमहुआ थाना सिरौल ग्वालियर, शिवम (17) पुत्र महेन्द्र वर्मा निवासी रानीपुर थाना मऊरानीपुर जिला झांसी, विशाल (18) पुत्र भागीरथ वर्मा निवासी बसारी थाना मऊरानीपुर झांसी उ प्र सवार होकर मंगलवार की रात को ग्वालियर से कैलादेवी माता के दर्शन करने करौली राजस्थान जा रहे थे। रात करीबन 12.30 बजे मुरैना में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आसन नदी छौंदा पुल पर पहुंचे तभी पीछे से आ रहे ट्रक के चालक गाड़ी को तेजी व लापरवाही से चलाकर मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार अरुण प्रजापति व विशाल वर्मा की मौके पर ही मृत्यु हो गयी। गंभीर रूप से घायल शिवम वर्मा को इलाज के लिए एम्बूलेंस से जिला अस्पताल मुरैना ले गए, जिसकी इलाज के दौरान कुछ समय बाद ही मृत्यु हो गई। तीनो के शव रात में डैड हाउस मुरैना में रखवाए गए। बुधवार की सुबह परिजन के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। शव परिजन को सौंप दिए। परिजन शव लेकर अपने घर को रवाना हो गए। पुलिस ने फरियादी राजकुमार वर्मा की रिपोर्ट पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

घर में बहन की शादी की चल रही थी तैयारियां, इकलौते भाई की एक्सीडेंट में मौत से मचा कोहराम
ट्रक मोटरसाइकिल भिडंत में जान गंवा चुके विशाल वर्मा की बहन की शादी 27 अप्रैल को है, घर-परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, इधर इकलौते भाई विशाल वर्मा की एक्सीडेंट में मौत से कोहराम मच गया है। उधर एक्सीडेंट में मृत हुए शिवम के रिश्तेदार राजकुमार वर्मा का आरोप है कि रात को गंभीर रूप से घायल शिवम दर्द से तपड़ रहा था और बातचीत भी कर रहा था, लेकिन मौके पर पहुंची एंबुलेंस व डायल 112 ने आपस में तय करने में काफी देर लगा कि घायल व मृतक कौनसी गाड़ी में जाएंगे। एंबुलेंस वाला इस बात पर अड़ा था कि बॉडी को नहीं ले जाऊंगा, रिश्तेदार का कहना हैं कि अगर समय पर अस्पताल पहुंच जाता तो उसको घायल को इलाज मिल जाता, उसकी जान भले ही नहीं बचती लेकिन दिल को तसल्ली को मिल जाती है कि उसका इलाज कराया गया।

इसलिए लगा हाईवे पर जाम

हाईवे पर एक्सीडेंट के बाद जाम इसलिए लग गया था क्योंकि घायलों को लेने के लिए मौके पर पहुंची दो एंबुलेंस के चालक इस बात को लेकर झगड़ रहे थे कि मरीज मेरी गाड़ी में जाएगा। इसके चलते कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस पहुंची तब मृतक व घायल को बीच सडक़ से उठवाया और जाम में फंसे वाहनों को निकलवाकर रास्ता साफ करवाया।

गांव से ग्वालियर छुट्टी मनाने आए थे शिवम, विशाल

रानीपुर थाना मऊरानीपुर जिला झांसी निवासी महेन्द्र वर्मा ग्वालियर में रहकर मजदूरी करता है। उसका लडक़े शिवम वर्मा ने हाईस्कूल और शिवम के मौसेरे भाई विशाल वर्मा ने हायरसेकेंडरी की परीक्षा दी थी। इन दिनों छुट्टियां चल रही थीं इसलिए
इसलिए शिवम अपने मौसेरे भाई विशाल के साथ 7 मार्च को पिता के यहां ग्वालियर घूमने आया था। ग्वालियर में ही फास्टफूड का ठेला लगाने वाले अरुण प्रजापति से दोस्ती हो गई और तीनों ने कैलादेवी के दर्शन करने करौली जाने की योजना बनाई और मंगलवार की रात को तीनों मोटरसाइकिल से निकल पड़े। मुरैना में आसनी नदी के छौंदा पुल पर एक्सीडेंट में तीनों की मौत हो गई।

और परिवार का झिना रोजगार, कैसे होगा गुजारा

अरुण (22) पुत्र शिवराज प्रजापति अपने गांव रमहुआ से ग्वालियर इसलिए आया था, यहां रहकर दो पैसे कमाकर परिवार का पालन पोषण ठीक से कर सके लेकिन समय को कुछ और ही मंजूर था, एक्सीडेंट में उसकी जान चली गई। अरुण की मौत से परिवार पर बज्रपात हुआ है क्योंकि अरुण ही था जो पूरा परिवार में कमाने वाला था। फास्टफूड के ठेले की कमाई से अपने परिवार का पालन कर रहा था, अब परिवार को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा।

रात को एक बाइक पर मैं और प्रदीप वर्मा थे और दूसरी बाइक पर शिवम, विशाल और अरुण थे, जो हमसे आगे चल रहे थे। दूसरी बाइक में ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे विशाल व अरुण की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल शिवम तड़प रहा था। मौके पर पहुंची दो गाडिय़ों के चालक यह तय नहीं कर पा रहे थे कि घायल कौनसी गाड़ी में जाएगा, इसको लेकर काफी समय लग गया। अगर समय पर इलाज मिल जाता तो शायद शिवम की जान बचाई जा सकती थी।

राजकुमार वर्मा, मृतक शिवम का रिश्तेदार

एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की 112 डायल वाहन और अस्पताल से एंबुलेंस मौके पहुंच गई। चूंकि एंबुलेंस चालक ने बॉडी ले जाने से इंकार कर दिया तो हमने कहा घायल को ले जाओ, चूंकि ग्वालियर साइड से एंबुलेंस मौके पर पहुंच नहीं पा रही थी इसलिए उल्टी साइड से ले जाया गया, इसके चलते कुछ समय लग गया होगा, हालांकि विवाद वाली कोई स्थिति नहीं बनीं।

उदयभान यादव, टी आई, सिविल लाइन थाना