मुरैना

यातायात नगर बना डंपिंग ग्राउंड, ट्रैक्टर-ट्रॉली व डंपरों से खाली हो रहा कचरा

नगर निगम ने लाखों रुपए खर्च कर निंबी गांव के नजदीक बनाया था ट्रेंचिंग ग्राउंड, पुराना बस स्टैंड को बनाया था डंपिंग ग्राउंड, फिर भी इधर-उधर डंप कर रहे कचरा, दुर्गंध से रहवासी परेशान

less than 1 minute read
Jul 31, 2025

मुरैना. नगर निगम ने अब यातायात नगर को डपिंग ग्राउंड बना दिया है। दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉली व डंपरों से कचरा यहां डंप किया जा रहा है। इसके चलते रहवासी व राहगीर दुर्गंध से परेशान हैं। वहां रहने वाले झुग्गी झोपड़ी वाले मजदूरों का रहना मुश्किल हो गया है।

नगर निगम ने लाखों रुपए खर्च कर शहर से चार किमी दूर निंबी गांव के नजदीक क्वारी नदी के किनारे ट्रेंचिंग ग्राउंड बनाया था। शहर से निकलने वाले कचरे को कर्मचारी पहले पुराना बस स्टैंड पर डंप करते, यहां से ट्रैक्टर-ट्रॉली व डंपरों से निंबी के ट्रेंचिंग ग्राउंड पर पहुंचाते। यहां पर कचरे का निस्तारण किया जाता था लेकिन पिछले कुछ दिन से शहर से निकल रहे कचरे को शहर के यातायात नगर में डंप किया जा रहा है।

निर्माण की कवायद थमी तो बनाया डंपिंग ग्राउंड

नगर निगम यातायात नगर को विकसित तो नहीं कर सका, अब यहां डंपिंग ग्राउंड और बना दिया है। भविष्य में अगर यातायात नगर के निर्माण की कवायद शुरू हुई तो इस कचरे को हटाने में फिर से लाखों रुपए का डीजल फूंकना पड़ेगा। निगम की व्यवस्थाओं से रहवासी काफी नाराज हैं। खास बात यह है कि यहां से शहर में प्रवेश का रास्ता भी निकला है, जिससे दिन भर हजारों लोगों को आना जाना रहता है, दुर्गंध के चलते वह भी परेशान हैं।

ट्रेंचिंग ग्राउंड का रास्ता खराब है

बारिश के चलते निंबी ट्रेंचिंग ग्राउंड तक वाहन पहुंच नहीं पा रहे हैं। इसलिए फिलहाल यातायात नगर में कचरा डाला जा रहा है। बारिश के बाद वहां से हटा लिया जाएगा।

आर के शर्मा, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम

Published on:
31 Jul 2025 04:04 pm
Also Read
View All

अगली खबर