
कर्जत में बोरवेल में गिरने से बच्चे की मौत
Karjat Kopardi Borewell: महाराष्ट्र के अहमदनगर (Ahmednagar News) जिले के कर्जत तालुका के कोपर्डी में बोरवेल में गिरे पांच वर्षीय सागर की मौत हो गई है। एनडीआरएफ (NDRF) की पांच टीमों ने करीब 15 फीट नीचे फंसे मासूम को सुरक्षित निकालने का भरसक प्रयास किया। देर रात बच्चे को बोरवेल से बाहर निकालने में सफलता मिली, लेकिन दुर्भाग्य से उसकी मौत हो चुकी थी। अधिकारियों ने बताया कि साढ़े आठ घंटे तक बच्चा बोरवेल में फंसा रहा।
कर्जत तालुका के कोपर्डी में गन्ना मजदूर का पांच साल का बेटा सागर बुधा बरेला सोमवार (13 मार्च) को शाम छह बजे खेलते समय बोरवेल में गिर गया। उसे बोरवेल से बचाने के लिए रात में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। एनडीआरएफ की पांच टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल हुई। बच्चा बोरवेल में करीब 15 फीट की गहराई पर फंसा था, इसलिए उसे निकालने के लिए बोरवेल के समानांतर में दो जेसीबी की मदद से खुदाई की गई। यह भी पढ़े-Maharashtra: परभणी में तेज रफ्तार ट्रक ने दोपहिया वाहन को उड़ाया, 2 शिक्षको की मौत
स्थानीय प्रशासन के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व उपजिला अस्पताल की टीम, कर्जत नगर पंचायत की दमकल की टीम मौके पर मौजूद रही। रात ढाई बजे के करीब सागर को बोरवेल से बाहर निकाला गया। लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि बोरवेल में फंसे बच्चे ने काफी समय पहले मूवमेंट करना बंद कर दिया था।
बता दें कि महाराष्ट्र में गन्ना काटने के सीजन में हर साल हजारों गन्ना मजदूर राज्य के विभिन्न जिलों व पड़ोसी राज्यों से आते हैं। इसी तरह सागर का परिवार भी रोजगार के लिए कर्जत के एक गांव आया था। पीड़ित परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है। बच्चे की मौत से गन्ना काटने आए परिवार में मातम पसर गया है।
Published on:
14 Mar 2023 03:07 pm

बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
