Amruta Fadnavis Blackmail Case: मुंबई पुलिस के अधिकारी ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए कहा कि अनिक्षा और उसके पिता ने अप्रत्यक्ष रूप से अमृता फडणवीस को धमकी दी और उनके खिलाफ साजिश रची।
Aniksha Jaisinghani and Anil Jaisinghani: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस को धमकी देने और रिश्वत देने की कोशिश करने के आरोप में मुंबई पुलिस द्वारा डिजाइनर अनिक्षा जयसिंघानी और उसके पिता अनिल जयसिंघानी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मुंबई की कोर्ट ने अनिक्षा को 21 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेजा है, जबकि उसके पिता फरार है। यह मामला सामने आने के बाद अनिक्षा और अनिल जयसिंघानी के बारे में दिलचस्प जानकारियां सामने आ रही हैं।
अनिक्षा पर आरोप है कि उसने अमृता फडणवीस को पिता अनिल के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले को खत्म कराने के बदले एक करोड़ रुपये की रिश्वत की पेशकश की थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अमृता की शिकायत पर 20 फरवरी को मालाबार हिल थाने में अनिक्षा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी। अनिक्षा पिछले 16 महीने से अमृता के संपर्क में थी और उनके घर भी जाती थी। यह भी पढ़े-मुंबई में नहीं लगे बागेश्वर बाबा का दरबार... कांग्रेस ने किया विरोध, बीजेपी-शिवसेना समर्थन में उतरी
पुलिस को दिए अपने बयान में अमृता ने कहा कि वह अनिष्का से पहली बार नवंबर 2021 में मिली थीं। अनिक्षा ने दावा किया था कि वह डिजाइनर है। उसने उपमुख्यमंत्री फडणवीस की पत्नी से सार्वजनिक कार्यक्रमों में उसके द्वारा डिजाइन किये गए कपड़े आदि पहनने का अनुरोध किया था।
अधिकारी ने कहा कि अमृता का विश्वास हासिल करने के बाद अनिक्षा ने कुछ सटोरियों के बारे में जानकारी देने की पेशकश की और दावा किया कि इससे वे पैसे कमा सकती हैं। हालांकि अमृता अनिक्षा के बर्ताव से परेशान थीं और उन्होंने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद अनिक्षा ने कथित तौर पर अमृता को अज्ञात नंबर से वीडियो क्लिप, वॉयस मैसेज और कई लिखित मैसेज भेजे।
पुलिस अधिकारी ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए कहा कि अनिक्षा और उसके पिता ने अप्रत्यक्ष रूप से अमृता को धमकी दी और उनके खिलाफ साजिश रची। इसलिए उन पर IPC की धारा 120-बी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
अनिल कई बार लड़ चुका है चुनाव
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अनिल जयसिंघानी के देशभर के राजनीतिक नेताओं और आईपीएस अधिकारियों से संबंध हैं। अनिल के खिलाफ छह राज्यों गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, असम और गोवा में कुल 17 मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस इन मामलों में अनिल की तलाश कर रही है। मई 2019 में उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था। अनिल जयसिंघानी को क्रिकेट सट्टेबाजी के मामले में कई बार गिरफ्तार किया जा चुका है।
अनिल जयसिंघानी महाराष्ट्र की राजनीति में भी किस्मत आजमा चुका हैं। अनिल जयसिंघानी अब तक चार बार कांग्रेस और एनसीपी के टिकट पर स्थानीय निकाय चुनाव लड़ चुका हैं। 2022 में जयसिंघानी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़ते हुए स्थानीय चुनाव में जीत भी हासिल की था। उसका शिरडी में एक होटल भी है।
अनिक्षा पर दर्ज है कई मामले
2018 में गोवा पुलिस ने अनिक्षा जयसिंघानी के खिलाफ केस दर्ज किया था। आरोप है कि अनिक्षा ने संपत्ति विवाद मामले में समझौते के लिए उल्हासनगर में एक उद्योगपति के खिलाफ दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराया था। मई 2015 में ईडी की गुजरात इकाई ने अनिल जयसिंघानी के दो घरों पर छापा मारा था। उस समय जेल से बचने के लिए अनिल ने कोर्ट में फर्जी दस्तावेज सौंपे थे।