13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कांग्रेस में रार! जिस दफ्तर में बैठ चुके जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी… वहां का लाखों का किराया और बिजली बिल बकाया

Sanjay Nirupam on Mumbai Congress : संजय निरुपम ने दावा किया कि मुंबई कांग्रेस के कर्मचारियों को पिछले 10 महीने से वेतन तक नहीं मिला है।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Mar 09, 2025

Mumbai Congress

शिवसेना नेता संजय निरुपम ने शुक्रवार को मुंबई स्थित कांग्रेस दफ्तर को लेकर बड़ा दावा किया है। निरुपम ने कहा कि मुंबई कांग्रेस कार्यालय का किराया और बिजली बिल का भुगतान कई महीनों से नहीं किया गया है, इस वजह से दफ्तर पर ताला लगने वाला है। निरुपम के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि यह हमारी पार्टी का आंतरिक मामला है।

पूर्व कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने कहा, कांग्रेस ने अपने मुंबई दफ्तर का किराया कई वर्षों से नहीं भरा है। दफ्तर पर बस ताला लगना बाकी है। पिछले 10 महीने से वहां के कर्मचारियों को सैलरी भी नहीं मिली है। मुंबई कांग्रेस के ऊपर बस ताला लगना बाकी रह गया है। इसके लिए कांग्रेस के ही निकम्मे नेता जिम्मेदार हैं।

बता दें कि वर्षा गायकवाड़ (Varsha Gaikwad) मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस समिति की अध्यक्ष हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी सहित प्रमुख कांग्रेस नेता इससे जुड़े रहे हैं।

यह भी पढ़े-कांग्रेस को उद्धव सेना ने दिया झटका, बड़े नेता ने उठाई 'मशाल', कहा- सच्चा हिंदुत्व यहीं है

बिजली का कनेक्शन काटा गया- निरुपम

संजय निरुपम ने कहा, मुंबई कांग्रेस का कार्यालय महाराष्ट्र सरकार के पीडब्ल्यूडी विभाग के परिसर में चलता है। उसका पिछले कई महीनों से किराया नहीं दिया गया है। 18 लाख रुपये का बिल हो गया है। बिजली का बिल 5 लाख हो चुका है, इसलिए बिजली कंपनी मीटर ही निकाल कर ले गई थी।" हालांकि, बिल का कुछ हिस्सा चुकाने के बाद बिजली कनेक्शन बहाल कर दिया गया है।

उन्होंने कहा, मैं भी चार वर्षों तक मुंबई कांग्रेस का अध्यक्ष था। कभी ऐसी शर्मनाक स्थिति पैदा नहीं हुई थी। मुंबई कांग्रेस चलाने का महीने का खर्चा 14 लाख रुपये था। इसमें ऑफिस का भाड़ा, बिजली बिल, सभी कर्मचारियों का वेतन शामिल था।

वर्षा गायकवाड पर कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल

शिवसेना नेता द्वारा कांग्रेस दफ्तर को लेकर दिया गए बयान पर कांग्रेस नेता भाई जगताप ने कहा, "बहुत दुख होता है। मुझे यह बात कहने में जरा भी संकोच नहीं होगा। जो भी कोई अध्यक्ष है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड एक सांसद भी हैं। वह 12 साल मंत्री रह चुकी हैं। इस तरह का माहौल और बातें बाहर आती हैं तो गलत हैं। जिस जगह पर खुद पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, वल्लभ भाई पटेल, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी बैठ चुके हैं... वहां की ऐसी दशा होना बेहद गलत है।" वर्षा गायकवाड के पहले भाई जगताप मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष थे।

यह हमारा आंतरिक मामला- वडेट्टीवार

दूसरी ओर संजय निरुपम के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि यह हमारा आंतरिक मामला है। संजय निरुपम पार्टी छोड़कर चले गए हैं, इसलिए उन्हें बोलने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें अपने कार्यालय के बारे में सोचना चाहिए और दूसरों के बारे में सोचना बंद करना चाहिए। चापलूसी करके जो तरक़्क़ी मिली है, वे उस पर ध्यान दें और दूसरों की तरफ ध्यान न दें। हम देख लेंगे कि क्या करना है।