Maharashtra Weather Update: चक्रवाती तूफान तेज के 25 अक्टूबर की तड़के यमन-ओमान तट से टकराने की संभावना है।
Cyclone Tej Alert: मुंबई और उसके आसपास के जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है। अक्टूबर की गर्मी ने मुंबई के लोगों को बेहाल कर दिया है। करीब दो हफ्ते से तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आस पास बना है। जबकि शनिवार दोपहर में पारा 37 डिग्री के पार चला गया। उधर, अरब सागर में बना चक्रवात रौद्र रूप अपनाने लगा है। मौसम विभाग ने अलर्ट घोषित किया है और संभावना जताई है कि अगले 24 घंटों में चक्रवात भीषण तूफान ‘तेज’ में तब्दील हो जाएगा।
मौसम विभाग (आईएमडी) ने चक्रवात को अति गंभीर श्रेणी का तूफान घोषित किया है। आईएमडी ने ताजा अपडेट में कहा कि ‘तेज’ तूफान आज (22 अक्टूबर) तीव्र होकर अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। इसके साथ ही चक्रवाती तूफान की गति भी बढ़ने की भविष्यवाणी की गयी है। यह भी पढ़े-Cyclone Tej: अरब सागर में बढ़ी हलचल, चक्रवाती तूफान ‘तेज’ का खतरा, मुंबई-पुणे पर कैसे पड़ेगा असर
अत्यंत भीषण चक्रवात बना तेज
बता दें कि यह चक्रवात इस साल अरब सागर में आया दूसरा चक्रवात और मॉनसून के विदा होने के बाद पहला चक्रवात है। अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान ‘तेज’ बना है।
मौसम विभाग के अनुसार, तूफान ‘तेज’ के आज ओमान और पड़ोसी यमन के दक्षिणी तट की ओर बढ़ने की उम्मीद है। चक्रवाती तूफान तेज के 25 अक्टूबर की तड़के सुबह यमन-ओमान तट के अल ग़ैदा और सलालैह के बीच टकराने की संभावना है। उसके बाद तूफान कमजोर हो जाएगा।
इस तूफान का मुंबई और महाराष्ट्र पर क्या असर होगा?
मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवाती तूफान तेज का महाराष्ट्र पर असर नहीं पड़ेगा। लेकिन इसका असर दक्षिण भारत की जलवायु पर पड़ेगा। इसके चलते तमिलनाडु में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। चक्रवात 25 अक्टूबर को यमन और ओमान के बीच से गुजरेगा।
मुंबई समेत पूरे कोंकण पर चक्रवाती तूफान का खतरा टल जाने से सभी ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग ने बताया कि इस तूफान का असर कोंकण पर नहीं पड़ेगा। लेकिन इसके साथ ही मुंबई को उमसभरी गर्मी से राहत भी नहीं मिलेगी।