मुंबई. माया नगरी मुंबई के एनएससीआई स्टेडियम में शनिवार को फिल्मी सितारों की चमक-धमक के बीच 62वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स सेरमनी का आयोजन किया गया।
फिल्मफेयर में इस बार दंगल और उड़ता पंजाब का जलवा दिखा। बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाने वाली दंगल में महावीर फोगट का किरदार निभाने वाले मिस्टर पर्फेक्टनिस्ट आमिर खान को फिल्मफेयर बेस्ट एक्टर के अवॉर्ड से नवाजा गया। वहीं, फिल्म उड़ता पंजाब में एक बिहारी लड़की का किरदार निभाने के लिए जमकर वाहवाही लूटने वाली आलिया भट्ट को फिल्मफेयर बेस्ट एक्टरेस का खिताब मिला। वहीं, दंगल के लिए नितेश तिवारी को बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला। बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड भी ब्लॉकबस्टर दंगल के खाते में ही गया।