
Pankaja Munde BJP Gopinath Munde : महाराष्ट्र में आज चौथे चरण का मतदान हो रहा है। जिसमें बीड समेत राज्य के 11 लोकसभा क्षेत्र शामिल हैं। बीड संसदीय क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार पंकजा मुंडे (Pankaja Munde) ने परली के नाथरा गांव में वोट डाला। इस मौके पर उन्होंने अपने दिवंगत पिता गोपीनाथ मुंडे को याद किया।
महाराष्ट्र सरकार में पूर्व मंत्री रहीं पंकजा मुंडे ने मतदान से पहले कहा, "आज एक बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है। मैं लोगों से अपील करना चाहती हूं कि वे बाहर आएं और अपना वोट डालें... मुझे अपने पिता गोपीनाथ मुंडे की याद आती है लेकिन पिछले कुछ वर्षों से मुझे लगता है उनकी ऊर्जा मेरे साथ है और वह मुझे आशीर्वाद दे रहे हैं।''
उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि हम 400 सीटों का आंकड़ा पार कर लेंगे। जब पीएम मोदी ने ‘400 पार’ का नारा दिया है, तो मुझे लगता है कि हम इसे पार कर लेंगे… देश अपना वोट समझदारी से डालने जा रहा है…” बीड में मुंडे का मुकाबला एनसीपी (शरद पवार) नेता बजरंग सोनवणे से है।
पंकजा मुंडे बीजेपी के दिग्गज नेता दिवंगत गोपीनाथ मुंडे की बेटी हैं। एनसीपी नेता व शिंदे सरकार में मंत्री धनंजय मुंडे उनके चचेरे भाई हैं।
महाराष्ट्र में नंदुरबार, जलगांव, रावेर, शिरडी, अहमदनगर (दक्षिण), पुणे, शिरूर, मावल, बीड, जालना, छत्रपति संभाजीनगर लोकसभा क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से मतदान चल रहा है। चुनाव आयोग के मुताबिक, महाराष्ट्र में सुबह 11 बजे तक 17.51 फीसदी मतदान दर्ज हुआ। हालांकि कई मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
राज्य में चौथे चरण की 11 लोकसभा सीटों पर कुल 298 उम्मीदवार चुनावी रण में हैं। इन निर्वाचन क्षेत्रो में 23,284 मतदान केंद्र बनाये गए हैं। लोकसभा चुनाव के पहले तीन चरणों में राज्य की 48 सीट में से 24 पर मतदान हो चुका है। इसके बाद पांचवें चरण में राज्य की 13 सीट पर अंतिम दौर का मतदान 20 मई को होगा।
Updated on:
13 May 2024 12:18 pm
Published on:
13 May 2024 11:56 am

बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
