30 दिसंबर 2025,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kolhapur: उद्योगपति संतोष शिंदे ने पत्नी-बेटे के साथ की आत्महत्या, रेप का आरोप लगने से थे आहत!

Kolhapur Businessman Santosh Shinde: उद्योगपति संतोष शिंदे ने बहुत कम उम्र से कड़ी मेहनत करके अर्जुन उद्योग समूह की स्थापना की थी। इसके तहत उन्होंने तेल उत्पादन, व्यायामशाला, बेकरी उत्पादन सहित विभिन्न कारोबार शुरू किया।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Jun 24, 2023

santosh_shinde_family_suicide.jpg

उद्योगपति संतोष शिंदे, पत्नी और बेटा

Santosh Shinde Suicide: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के गडहिंग्लज शहर (Gadhinglaj) में जाने-माने उद्योगपति संतोष शिंदे ने परिवार समेत जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या कर ली है। जिससे कोल्हापुर में सनसनी फैल गई है। शिंदे का शव उनके घर पर पत्नी और बच्चों के साथ मिला। उद्योगपति संतोष शिंदे पर कुछ दिन पहले बलात्कार का आरोप लगा था। इस मामले में वह जेल भी गये। कहा जा रहा है कि तब से ही वह तनाव में थे। संभावना जताई जा रही है कि उसी तनाव के कारण उन्होंने आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

गडहिंग्लज में रहने वाले उद्योगपति संतोष शिंदे ने बहुत कम उम्र से कड़ी मेहनत करके अर्जुन उद्योग समूह की स्थापना की थी। इसके तहत उन्होंने तेल उत्पादन, व्यायामशाला, बेकरी उत्पादन सहित विभिन्न कारोबार शुरू किया। इस समूह के कई उत्पादों की ग्राहकों के बीच भारी मांग थी। जिस वजह से शिंदे का कारोबार महाराष्ट्र के साथ-साथ कर्नाटक तक फैल गया था। यह भी पढ़े-MPSC टॉपर दर्शना पवार की हत्या के बाद 4 राज्यों में छिपता रहा राहुल, पुलिस ने ऐसे सुलझाई गुत्थी!


रेप का आरोप लगने से थे आहत

इसी बीच कुछ दिन पहले संतोष शिंदे पर शहर की एक महिला ने रेप का आरोप लगाया था। पुलिस ने बलात्कार का केस दर्ज करने के बाद शिंदे को गिरफ्तार कर लिया था। इन आरोपों के तहत वह एक महीने तक जेल में भी रहे थे। जेल से बाहर आने के बाद शिंदे ने फिर से खड़े होने की कोशिश की। लेकिन वे इसमें असफल रहे। कथित तौर पर वह तनाव में आ गए थे।

पड़ोसियों ने तोड़ा दरवाजा

यह चौंकाने वाली घटना तब सामने आई जब शनिवार सुबह संतोष शिंदे व उनकी पत्नी और बेटा कोई कमरे से बाहर नहीं निकला। जिसके बाद संतोष शिंदे की मां ने उन्हें आवाज दी। लेकिन फिर भी बेडरूम का दरवाजा अंदर से नहीं खुला तो मां ने पड़ोसियों को बुलाया और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई।

उसके बाद का खौफनाक मंजर देखकर सभी के होश उड़ गए। बेडरूम में संतोष शिंदे, उनकी पत्नी और नाबालिग बेटे का शव पड़ा था। शुरुआती जांच में पता चला है कि उन्होंने पहले जहर पिया और फिर चाकू से गला रेत लिया। हालांकि अभी तीनों लोगों की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है।

मालूम हो कि संतोष शिंदे ने कोरोना काल के दौरान अनेक सामाजिक कार्य किए थे। तब किसी ने नहीं सोचा था कि कभी उनकी ऐसी हालात भी होगी और वह अपनी जिंदगी खत्म कर लेंगे। इस घटना से गडहिंग्लज में हड़कंप मच गया है।

सुसाइड नोट बरामद

मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जो संतोष शिंदे के द्वारा लिखा गया है। इसमें उन्होंने परिवार सहित आत्महत्या करने की वजह बताई है। सुसाइड नोट में शिंदे ने कथित तौर पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला और उसके साथी को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार बताया है। जिसके बाद स्थानीय लोग दोनों को गिरफ्तार किये बगैर शवों को नहीं ले जाने पर अड़ गए। यहां तक की दोनों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शहर में बंद का आह्वान किया गया है।