
Sunny Deol Hanuman Look In Ramayan (सोर्स- एक्स)
Sunny Deol Hanuman Look In Ramayan: नितेश तिवारी की मच अवेटेड फिल्म 'रामायण' का टीजर हाल ही में हनुमान जयंती के खास अवसर पर रिलीज किया गया, लेकिन टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर एक नई बहस शुरू हो गई। वजह यह रही कि फिल्म में भगवान हनुमान का किरदार निभा रहे सनी देओल की एक झलक भी दर्शकों को देखने को नहीं मिली। इसी बात को लेकर फैंस ने अपनी नाराज़गी खुलकर जाहिर की।
फिल्म के निर्माताओं ने टीजर को धार्मिक महत्व के दिन पर रिलीज करके दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी थी। खासतौर पर लोग इस उम्मीद में थे कि उन्हें सनी देओल के हनुमान अवतार की पहली झलक देखने को मिलेगी। लेकिन जब टीज़र में उनकी मौजूदगी नजर नहीं आई तो कई यूजर्स ने सवाल उठाए कि आखिर इस खास दिन पर हनुमान जी का एक दृश्य भी क्यों नहीं दिखाया गया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई यूजर्स ने लिखा कि टीजर शानदार है, लेकिन हनुमान जयंती जैसे मौके पर कम से कम हनुमान जी का एक छोटा सा दृश्य जरूर होना चाहिए था।
टीजर में भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर का लुक सामने आया, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। वहीं कुछ लोगों ने फिल्म के बैकग्राउंड म्यूजिक की तारीफ की, लेकिन VFX को लेकर अलग-अलग राय सामने आई। कुछ दर्शकों ने इसे प्रभावशाली बताया, तो कुछ ने तकनीकी स्तर पर और बेहतर होने की उम्मीद जताई।
टीजर में साई पल्लवी और रवि दुबे की हल्की झलक भी दिखाई दी, जिसने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी। वहीं आखिर में यश के रावण अवतार और पुष्पक विमान की झलक ने दर्शकों का ध्यान खास तौर पर खींचा।
जहां एक ओर सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स सवाल उठा रहे हैं, वहीं फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नाम इस टीजर की सराहना करते नजर आए। करण जौहर और सिद्धार्थ आनंद समेत कई हस्तियों ने रणबीर कपूर के भगवान राम वाले लुक को प्रभावशाली बताते हुए फिल्म की टीम की तारीफ की।
टीजर रिलीज होने के बाद सनी देओल ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसे साझा करते हुए भगवान राम के आदर्शों और उनकी विरासत का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि हर पीढ़ी ने भगवान राम के नाम के साथ परवरिश पाई है और अब पूरी दुनिया इस कहानी को एक नए रूप में देखने जा रही है।
निर्माताओं के अनुसार फिल्म का पहला भाग इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग साल 2027 की दिवाली पर दर्शकों के सामने आएगा। ऐसे में फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है और अब सबकी नजर इसके अगले अपडेट पर टिकी है।
Published on:
02 Apr 2026 05:59 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
