2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Maharashtra: पत्नी के मायके जाने से टूटा पति, तीन बच्चों के साथ खाया जहर

Maharashtra Solapur Crime: घरेलू विवाद के चलते एक पिता ने अपने ही तीन मासूम बच्चों को जहर पिलाकर मौत के घाट उतारने की कोशिश की और बाद में खुद भी जहर पीकर आत्महत्या कर ली।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Apr 02, 2026

Maharashtra Solapur Bhima Waghmare Suicide

सोलापुर में पिता ने तीन बच्चों के साथ खाया जहर (Photo: X/IANS)

महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां तिर्हे गांव में एक पिता ने अपने ही तीन मासूम बच्चों को जहर पिलाकर मारने की कोशिश की और बाद में खुद आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

घरेलू विवाद बना वजह

मृतक की पहचान भीमा वाघमारे (34) के रूप में हुई है, जो एक सीमेंट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड था। बताया जा रहा है कि पिछले कई महीनों से भीमा का उसकी पत्नी से विवाद चल रहा था। जिसके चलते उसकी पत्नी उसे व बच्चों को छोड़कर अपने मायके चली गई थी।

हालांकि परिजनों ने दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन पत्नी ने ससुराल लौटने से इनकार कर दिया। इसी मानसिक तनाव के चलते भीमा वाघमारे ने यह खौफनाक कदम उठाया।

खेत में ले जाकर बच्चों को पिलाया जहर

जानकारी के मुताबिक, भीमा वाघमारे ने रात के समय अपने तीनों बच्चों को इलाके के एक खेत में ले गया। वहां उसने तीनों को जहर पिला दिया और फिर खुद भी जहर खा लिया।

पिता की मौके पर मौत

जहर खाने के कारण भीमा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, समय रहते इलाज मिलने से तीनों बच्चे बच गए। बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल तीनों बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बच्चों का इलाज सोलापुर के सरकारी अस्पताल में चल रहा है, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और वे जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि घरेलू विवाद और मानसिक तनाव किस हद तक खतरनाक हो सकते हैं। समय रहते संवाद और मदद मिलना बेहद जरूरी है, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।