Mumbai Rain Alert: मुंबई और उपनगरों में बुधवार सुबह से ही भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण यातायात प्रभावित हुआ। लेकिन लोकल ट्रेन और बेस्ट की बसें देरी के साथ चल रही हैं।
Maharashtra Weather News: महाराष्ट्र के कोंकण और विदर्भ क्षेत्र में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है। जिस वजह से राज्य के कई जिलों में हालात खराब हो गए हैं। स्थिति यह है कि कुछ गांवों में बाढ़ आ गई है, वहीं कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से उससे लगे निचले इलाके जलमग्न हो गए है। हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है। लेकिन इस आसमानी आफत से जल्द राहत मिलने की उम्मीद कम है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की भविष्यवाणी के अनुसार महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में फ़िलहाल जोरदार बारिश जारी रहेगी। आईएमडी के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक केएस होसालिकर (KS Hosalikar) ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव प्रणाली विकसित हुई है और इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है, इसलिए अगले पांच दिनों में महाराष्ट्र में बारिश बढ़ने की संभावना है। यह भी पढ़े-NCP किसकी? शरद पवार खेमे को चुनाव आयोग का नोटिस, भतीजे अजित के दावे पर मांगा जवाब
मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को महाराष्ट्र के पांच जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने पुणे, रत्नागिरी, सतारा, चंद्रपुर और गढ़चिरौली जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भीषण बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर, भंडारा, गोंदिया, नागपुर और यवतमाल में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मुंबई और उपनगरों में बुधवार सुबह से ही भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण यातायात प्रभावित हुआ। लेकिन लोकल ट्रेन और बेस्ट की बसें कुछ देरी के साथ सामान्य रूप से चल रही हैं। शहर के कोलाबा, चर्चगेट, मलबार हिल, दादर, अंधेरी, बोरीवली, कुर्ला, घाटकोपर, भांडुप, मुलुंड, चेंबूर, गोवंडी में रुक—रुक कर भारी बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने आज मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों के लिये 'ऑरेंज अलर्ट' चेतावनी जारी की है। इस दौरान कुछ इलाकों में बहुत भारी से भी भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। इस दौरान 45-55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, मुंबई में सुबह आठ बजे से शाम चार बजे के बीच 61.19 मिमी बारिश हुई, जबकि इसी अवधि में पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 34.53 मिमी और 40.68 मिमी बारिश दर्ज की गई।