
संजय राउत के खिलाफ ED के एक्शन पर केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे का बड़ा बयान
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के मुंबई में मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच कर रही ईडी की टीम शिवसेना नेता संजय राउत के आवास पर आज सुबह 7 बजे पहुंची है। राउत से उनके घर पर जांच एजेंसी की पूछताछ जारी है। साथ ही सियासी बयानबाजी का भी दौर शुरू है। बीजेपी नेताओं की तरफ से लगातार इस मामले में बयान सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने लालू प्रसाद यादव का जिक्र कर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस एक्शन का राजनीति से कोई लेना देना नहीं है।
ज्ञात हो कि शिवसेना नेता संजय राउत के खिलाफ ईडी के एक्शन पर केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने औरंगाबाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि CBI और ED स्वतंत्र काम करती है। इससे राजनीति का कोई लेना देना नहीं है। ऐसी कार्रवाई केवल आज नहीं हुई है। लालू प्रसाद यादव पर भी हुई थी जब हमारी सरकार नहीं थी।
वहीं दानवे से पहले बीजेपी नेता और बिहार सरकार में मंत्री शाहनवाज हुसैन ने भी इस मामले पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ED अपना काम कर रही है। संजय राउत हों या कोई भी, गड़बड़ करेंगे तो ED वहां पहुंचेगी और आपसे सवाल जवाब करेगी। इसमें इतना हाय तौबा क्यों मचाया जा रहा है।
गौर हो कि शिवसेना नेता संजय राउत के घर पर ईडी की छापेमारी जारी है। पिछले 5 घंटे से उनके आवास पर ईडी की टीम मौजूद है। इस बात की खबर मिलते ही संजय राउत के सैकड़ों समर्थक उनके घर के बाहर जमा हो गए हैं। इसी बीच संजय राउत का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें वे खिड़की से अपने समर्थकों के लिए हाथ हिलाते नजर आ रहे हैं।
ईडी ने जब संजय राउत के घर पर छापा मारा तो उन्होंने लगातार कई ट्वीट किये हैं। उन्होंने केंद्र पर हमला बोलते हुए कहा कि महाराष्ट्र और शिवसेना की लड़ाई जारी रहेगी। साथ ही राउत ने कहा कि झूठी कार्रवाई..झूठे सबूत। मैं शिवसेना नहीं छोड़ूंगा। अगर मैं मर भी जाऊं तो भी मैं आत्मसमर्पण नहीं करूंगा। जय महाराष्ट्र
Published on:
31 Jul 2022, 1:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.