महाराष्ट्र में जारी सियासी जंग खत्म कब होगी यह कहना अभी मुश्किल ही नजर आ रहा है। इन सब के बीच सत्ता संघर्ष को लेकर सुप्रीम कोर्ट में कल फिर सुनवाई होगी। खबर है कि चुनाव आयोग के समक्ष शिवसेना कल सबूत भी पेश कर सकती है।
Uddhav Vs Shinde in Supreme Court: महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) की बगावत के बाद से शिवसेना पार्टी पर कब्जे की जंग जारी है। साथ ही असली शिवसेना का मामला सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में पहुंच गया है। जिसे लेकर 27 सितंबर यानि कल सुनवाई होनी है। इसी बीच खबर है कि चुनाव आयोग के समक्ष कल शिवसेना (Shiv Sena) सबूत पेश कर सकती है। क्योंकि इलेक्शन कमीशन (EC) द्वारा शिवसेना को दिया गया समय भी कल खत्म हो रहा है।
ज्ञात हो कि शिवसेना की तरफ से शिंदे गुट के खिलाफ दायर विभिन्न याचिकाओं पर कल सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ सुनवाई करेगी। दूसरी तरफ चुनाव आयोग द्वारा शिवसेना को सबूत पेश करने के लिए दिया गया समय भी कल खत्म होने जा रहा है। ऐसे में सूत्रों के हवाले से जानकारी मिल रही है कि शिवसेना की तरफ चुनाव आयोग को सबूत सौंपे जाएंगे।
वहीं एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद शिवसेना की ओर से सुप्रीम कोर्ट में अन्य मांगों को लेकर विभिन्न याचिकाएं दायर की गईं, जिसमें शिंदे का समर्थन करने वाले विधायकों के खिलाफ कार्रवाई का भी समावेश है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले को संविधान पीठ के पास भेज दिया। यही कारण है कि इन याचिकाओं पर अब कल संविधान पीठ के समक्ष सुनवाई होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने खुद के असली शिवसेना होने का दावा किया हुआ है। इसे लेकर ही चुनाव आयोग ने पार्टी के दोनों खेमों से जवाब मांगा। फिर कोर्ट ने कहा कि शिवसेना पर शिंदे और उद्धव गुट में से असली होने के दावों पर चुनाव आयोग को विचार करना चाहिए या नहीं इसे लेकर 27 सितंबर को फैसला करेगी।