
मनोज जरांगे का महाराष्ट्र सरकार को फिर अल्टीमेटम
Maratha Reservation Manoj Jarange: महाराष्ट्र में मराठा समुदाय को आरक्षण (OBC Reservation) देने की मांग को लेकर मनोज जरांगे पाटील के नेतृत्व में मराठाओं का सैलाब मुंबई के करीब डेरा डाले हुए है। मनोज जरांगे और बड़ी संख्या में मराठा समुदाय के लोग मुंबई से सटे नवी मुंबई के वाशी इलाके में ठहरे हुए है। हालांकि आज उनका मुंबई के आजाद मैदान आकर भूख हड़ताल करने की योजना थी। लेकिन राज्य सरकार से जारी सकारात्मक बातचीत को देखते हुए जरांगे ने आजाद मैदान जाने का निर्णय शनिवार दोपहर तक के लिए टाल दिया है। इसके साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे नीत सरकार को आज रात तक का समय दिया है। अगर मांगे नहीं मानी गयी तो कल वे मुंबई के लिए रवाना हो जायेंगे।
मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे ने कहा कि आज मुंबई की ओर मराठा नहीं जाएंगे। वे नवी मुंबई में ही रहेंगे। जरांगे ने महाराष्ट्र सरकार से आज रात तक मराठा आरक्षण को लेकर जीआर जारी करने को कहा है। अगर आज रात तक महाराष्ट्र सरकार की ओर से जीआर जारी नहीं किया गया तो मराठा कल सुबह मुंबई की ओर कूच करेंगे। यह भी पढ़े-मराठा आरक्षण मिलने पर जाएंगे अयोध्या..., मनोज जरांगे बोले- राम मंदिर का जश्न मनाएंगे
मराठा आरक्षण कार्यकर्ता ने फिर कहा कि जब तक उनके समुदाय को सरकारी नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण नहीं मिल जाता, तब तक वह आंदोलन खत्म नहीं करेंगे। आज सुबह महाराष्ट्र के मंत्री दीपक केसरकर ने दावा किया कि मनोज जरांगे की सभी मांगें मान ली गई हैं। इसके बाद जरांगे के साथ सरकारी प्रतिनिधिमंडल ने वाशी में बैठक भी की।
नवी मुंबई के वाशी इलाके में शिवाजी चौक पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए मनोज जरांगे ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें कुछ दस्तावेज दिए हैं, जिन पर वह अपने समर्थकों के साथ चर्चा करके आगे की रणनीति तय करेंगे। बिना आरक्षण लिए हम पीछे नहीं हटेंगे।
आज सुबह पत्रकारों से केसरकर ने कहा कि जरांगे की मांगें मान ली गई हैं। सरकारी प्रक्रिया के अनुसार उसे पूरा किया जाएगा। अब तक 37 लाख कुनबी प्रमाण पत्र दिये जा चुके हैं। यह संख्या 50 लाख तक जायेगी। सरकार मराठाओं को आरक्षण संवैधानिक तरीके से देगी।
मनोज जरांगे के समर्थन में राज्य भर से आये मराठा वाशी कृषि उपज बाजार समिति (एपीएमसी) में ठहरे है। प्रदर्शनकारी मराठा समुदाय के लिए कुन्बी (अन्य पिछड़ा वर्ग) दर्जे की मांग कर रहे हैं। इसके लिए जरांगे ने आज सुबह से भूख हड़ताल शुरू कर दी है। मुंबई पुलिस ने उन्हें नोटिस जारी कर शहर में भूख हड़ताल करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसके बावजूद जरांगे दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान जाने पड़ अड़े हुए है।
मुंबई में पुलिस ने बंदोबस्त बढ़ा दिया है। सायन-पनवेल हाईवे पर भारी वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है। शहर में पहले ही निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। मुंबई पुलिस ने कहा है कि मराठा आंदोलन के लिए आजाद मैदान बहुत छोटा है, क्योकि इसकी क्षमता केवल 5000 लोगों की है। लाखों की संख्या में मराठा प्रदर्शनकारी मुंबई आए तो कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है, शहर अस्त-व्यस्त हो सकता है।
Published on:
26 Jan 2024 07:10 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
