24 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मुंबई में गणपति आगमन जुलूस पर अंडे फेंकने का आरोप, पुलिस बल तैनात, मंत्री ने दिया भड़काऊ बयान

Mazgaon Ganpati Procession Incident: मुंबई के मझगांव में गणपति प्रतिमा के आगमन जुलूस के दौरान अंडे फेंके जाने के आरोप से तनाव पैदा हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि मंत्री नितेश राणे ने घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Aug 24, 2026

Maharashtra Minister Nitesh Rane

भाजपा नेता नितेश राणे (Photo: X/BJP)

Nitesh Rane: गणेशोत्सव को लेकर मुंबई में गणपति की मूर्तियों का आगमन शुरू हो चुका है। मझगांव इलाके में ऐसे ही एक जुलूस पर कथित तौर पर अंडे फेंके जाने का आरोप लगा है। मझगांव के गणपति मंडल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस के दौरान एक बहुमंजिला इमारत से अंडे फेंके गए। इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

मुंबई पुलिस ने जानकारी दी है कि घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 और 196 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से माझगांव इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है।

मंत्री ने दी चेतावनी- ईद और मोहर्रम भी आने वाला है

इस घटना को लेकर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यदि हिंदू त्योहारों और गणेश जुलूस के दौरान इस तरह की घटनाएं होती हैं तो पुलिस कार्रवाई करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में केस दर्ज किया जा चुका है और सभी संबंधित मामलों को गंभीरता से लिया गया है।

राणे ने कहा कि हिंदू त्योहारों के दौरान पत्थरबाजी या अंडे फेंकने जैसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने आगे भड़काऊ बयान देते हुए कहा, अगर हिंदुओं के धार्मिक त्योहारों के दौरान इस तरह की घटनाएं होती हैं तो उसका असर आगे भी देखने को मिल सकता है। ईद और मोहर्रम भी आने वाला है। उन्होंने कहा कि कानून का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है और किसी एक समुदाय ने कानून का ठेका नहीं ले रखा है।

पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

घटना के बाद मझगांव इलाके में पुलिस की भारी तैनाती की गई। पुलिस का कहना है कि स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है। मामले की जांच चल रही है।

गणेशोत्सव नजदीक होने के कारण मुंबई पुलिस पहले से ही संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है। ऐसे में गणपति प्रतिमा आगमन जुलूस के दौरान हुई इस घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है।

फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। यह स्पष्ट होना बाकी है कि अंडे फेंके जाने की घटना वास्तव में कैसे हुई, इसके पीछे कौन लोग थे और इसका मकसद क्या था। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।