
म्हाडा मुंबई बोर्ड लॉटरी ड्रा
MHADA Lottery 2023 Mumbai Date: म्हाडा (महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी) के मुंबई बोर्ड के 4082 सस्ते घरों (Flat) के लिए आवेदन प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। आवेदन करने वाले पात्र और अपात्र लोगों की लिस्ट भी म्हाडा ने अपने अधिकारिक वेबसाइट housing.mhada.gov.in पर जारी कर दी। हालांकि म्हाडा के घरों के लिए होने वाले ड्रा में कितने आवेदक भाग लेंगे, इसकी अंतिम लिस्ट अभी जारी नहीं हुई है। ऐसा पहली बार हो रहा है कि प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद लॉटरी ड्रा की तारीख की घोषणा नहीं की गई है। आम तौर पर म्हाडा आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक सप्ताह के अंदर ड्रा निकालती है।
मुंबई बोर्ड के 4082 घरों के लिए आवेदन प्रक्रिया 22 मई से शुरू हुई। आवेदक करने की आखिरी तारीख 26 जून थी। और लॉटरी ड्रा का आयोजन 18 जुलाई को होने वाला था। लेकिन किसी कारणवश इन सभी प्रक्रियाओं को 24 जुलाई तक बढ़ा दिया गया और परिणामस्वरूप 18 जुलाई का ड्रा भी रद्द कर दिया गया। नये शेड्यूल के मुताबिक आवेदनों की स्वीकृति का काम पूरा हो चुका है और लगभग 1 लाख 22 हजार आवेदकों ने डिपाजिट राशि के साथ एप्लीकेशन भरा। यह भी पढ़े-मुंबई में म्हाडा के 4082 सस्ते घरों के लिए आवेदन की प्रक्रिया खत्म, कब होगा लॉटरी ड्रा?
म्हाडा ने पात्र और अपात्र आवेदकों की जो पहली लिस्ट जारी की थी, उसमें 3716 आवेदन को रिजेक्ट किया गया था। इस प्रकार 1,18,528 स्वीकृत आवेदन कम्प्यूटरीकृत लॉटरी ड्रा में भाग लेने के लिए पात्र थे। हालांकि जिनके आवेदन रिजेक्ट हुए थे, उन्हें 23 जुलाई दोपहर 3 बजे तक म्हाडा में फिर अपील करने का मौका दिया गया था। जबकि लॉटरी ड्रा में शामिल होने वाले आवेदकों की अंतिम सूची 28 जुलाई को दोपहर 3 बजे housing.mhada.gov.in पर जारी की जाएगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, म्हाडा मुंबई बोर्ड मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार की उपस्थिति में लॉटरी ड्रा करवाना चाहती है। इसके लिए बोर्ड पिछले कुछ दिनों से मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का समय लेने की कोशिश कर रहा है। लेकिन चर्चा है कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को फ़िलहाल समय नहीं मिल रहा है। जिस वजह से लॉटरी ड्रा की तारीख फाइनल नहीं हो पा रही है। माना जा रहा है कि म्हाडा अगस्त महीने के पहले सप्ताह में लॉटरी ड्रा का आयोजन करेगी।
मुंबई के म्हाडा लॉटरी ड्रा में कुल 4083 फ्लैट शामिल है, जिनमें 2790 फ्लैट आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), 1034 फ्लैट कम आय वर्ग (LIG), 139 फ्लैट मध्यम आय वर्ग (MIG) और 120 फ्लैट उच्च आय वर्ग (HIG) के लिए है। इन घरों की कीमत 30 लाख रुपये से लेकर करीब 7 करोड़ रुपये तक है।
Published on:
24 Jul 2023 09:23 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
