29 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुंबई में तरबूज खाने के बाद पूरा परिवार खत्म! मृतकों के शरीर में मिला ये संदिग्ध पदार्थ

Mumbai Watermelon Food Poisoning Death: मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत के मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है।

3 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Apr 29, 2026

Watermelon food poisoning Mumbai Pydhonie

तरबूज खाकर सोया परिवार, पति-पत्नी और दो बेटियों की मौत

मुंबई के पायधुनी इलाके में डोकाडिया परिवार के चार सदस्यों की तरबूज खाने के बाद संदिग्ध मौत के मामले ने अब और भी गंभीर मोड़ ले लिया है। शुरुआती तौर पर इसे फूड पॉइजनिंग (Food Poisoning) का मामला माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमॉर्टम के दौरान शरीर में 'पेनकिलर' जैसे पदार्थ मिलने की आशंका ने इस केस को और रहस्यमय बना दिया है।

हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने अभी तक इस जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक इस नए एंगल के सामने आने के बाद जांच एजेंसियां कई संभावनाओं पर काम कर रही हैं।

साधारण फूड पॉइजनिंग से इतनी तेजी से मौत कैसे?

इस दर्दनाक घटना में माता-पिता और उनकी दो नाबालिग बेटियों की मौत हो गई। चारों को तबीयत बिगड़ने के बाद जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान एक-एक कर चारों की मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमॉर्टम किया गया।

डॉक्टरों के शुरुआती निष्कर्षों में फूड पॉइजनिंग की संभावना जरूर जताई गई है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि सामान्य खाद्य विषाक्तता में इतनी तेजी से हालत बिगड़ना और मौत होना बेहद दुर्लभ है। यही वजह है कि अब जांच का दायरा बढ़ाकर किसी जहरीले तत्व या अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। अंतिम निष्कर्ष फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।

FDA ने शुरू की अलग जांच, घर से 11 सैंपल जब्त

इस मामले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) भी सक्रिय हो गया है। अधिकारियों ने डोकाडिया परिवार के घर से कुल 11 नमूने जब्त किए हैं, जिन्हें कलिना स्थित फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला में रासायनिक जांच के लिए भेजा गया है।

इन सैंपलों में बिरयानी, तरबूज, मटके और फ्रिज का पानी, कच्चा और पका हुआ चावल, चिकन, खजूर और मसाले शामिल हैं। खाद्य निरीक्षकों को पुलिस के साथ मिलकर जांच आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने मोबाइल और वित्तीय लेन-देन की जांच शुरू की

पुलिस इस मामले को हर एंगल से खंगाल रही है। मृतकों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किसी संदिग्ध व्यक्ति से संपर्क था या नहीं।

साथ ही, परिवार के मुखिया अब्दुल्ला डोकाडिया (40) के व्यवसाय और बैंक लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

क्या हुआ था उस रात?

जानकारी के मुताबिक, घटना पायधुनी के घाटी गली में स्थित मुगल बिल्डिंग में हुई। पुलिस के अनुसार, डोकाडिया परिवार ने शनिवार (25 अप्रैल) रात अपने घर में पारिवारिक मिलन समारोह का आयोजन किया था, जिसमें उन्होंने अपने रिश्तेदारों को बुलाया था। इस दौरान सभी को घर में बनी बिरयानी परोसी गई थी। यही बिरयानी चारों मृतकों ने भी खाई थी।

मामले की जांच कर रहे जेजे मार्ग पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घटना वाली रात डोकाडिया के घर आये पांच मेहमानों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। उन्होंने भी वही बिरयानी खाई थी, लेकिन उन्हें उल्टी या दस्त जैसी कोई समस्या नहीं हुई।

तरबूज खाने के बाद बिगड़ने लगी हालत

मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया (40), नसरिन डोकाडिया (35) और उनकी दो बेटियां आयशा (16) व जैनब (13) के तौर पर हुई है। शनिवार की रात डोकाडिया परिवार ने रात करीब साढ़े 10 बजे चिकन बिरयानी खाया था, उसके बाद रात डेढ़ बजे घर में ही आधा बचा हुआ तरबूज खाया। इसके बाद चारों को उल्टी, चक्कर और पेट दर्द जैसी शिकायतें शुरू हो गईं।

अगले दिन 26 अप्रैल को उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई। दोनों बेटियां बेहोशी की हालत में मिलीं, जिसके बाद पूरे परिवार को तुरंत जेजे अस्पताल ले जाया गया। वहां पहुंचते ही एक बेटी को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरी बेटी की कुछ घंटों बाद मौत हो गई। इस बीच माता-पिता ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

कई सवाल, जवाब का इंतजार

इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह महज फूड पॉइजनिंग है या इसके पीछे कोई जहरीला पदार्थ या साजिश छिपी है? पोस्टमॉर्टम में मिले संदिग्ध तत्व से केस और उलझ गया है।

अब सभी की नजर फॉरेंसिक और विसरा रिपोर्ट पर टिकी है, जो इस रहस्यमयी मौत के असली कारण से पर्दा उठा सकती है। फिलहाल पुलिस और एफडीए की संयुक्त जांच जारी है।