Mumbai Local Train Accident: घटना खारकोपर स्टेशन से कुछ मीटर की दूरी पर हुई है। बेलापुर से खारकोपर लोकल ट्रेन के तीन डिब्बे खारकोपर स्टेशन में प्रवेश करते समय पटरी से उतर गए। मौके पर राहत कार्य चालू है।
Mumbai Local Train Derailed in Navi Mumbai: मुंबई लोकल ट्रेन से जुड़ी बड़ी खबर है। मध्य रेलवे (Central Railway) की उरण लाइन (Uran Line) पर बेलापुर (Belapur) से खारकोपर (Kharkopar) जा रही लोकल ट्रेन (Mumbai Local Accident) के तीन डिब्बे मंगलवार सुबह पटरी से उतर गए। घटना सुबह करीब 8 बजकर 46 मिनट पर हुई। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घटना खारकोपर स्टेशन से कुछ मीटर की दूरी पर हुई है। बेलापुर से खारकोपर लोकल ट्रेन के तीन डिब्बे खारकोपर स्टेशन में प्रवेश करते समय पटरी से उतर गए। हादसे की वजह से पटरी का एक हिस्सा उखड़ गया है। राहत कार्य चालू है। यह भी पढ़े-मुंबई लोकल ट्रेन में 19 वर्षीय युवती को आया अटैक, दो महिला टीसी ने बचाई जान!
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवाजी सुतार (Shivaji Sutar) ने बताया कि राहत ट्रेनें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं और मरम्मत-बहाली का काम जोरों पर है। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद बेलापुर-खरकोपर-नेरूल लाइन (Belapur-Kharkopar-Nerul Line) पर ट्रेनों का संचालन अस्थाई रूप से रोक दिया गया है।
हालांकि, हार्बर लाइन (Harbor Line) की लोकल ट्रेनें अपने निर्धारित समय के अनुसार चल रही हैं। रेलवे अधिकारी ने बताया कि मध्य रेलवे की हार्बर, मेन लाइन सहित अन्य रूटों पर यातायात सुचारु रूप से चल रहा है।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि पटरियों को काफी नुकसान हुआ है. पटरियों को फिर से बिछाने की जरुरत पड़ सकती है। इसलिए मरम्मत का काम लंबा चल सकता है। उधर, सिडको (CIDCO) की दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई हैं।