
Assam man beheads villager, walks into police station with severed head
Mumbai News: मुंबई के घाटकोपर में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में पहले जमकर मारपीट हुई और एक युवक की हत्या से हडकंप मच गया है। मृतक युवक की उम्र 22 साल है। यह पूरी घटना घाटकोपर के असल्फा विलेज में हुई है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घाटकोपर पश्चिम के असलफा विलेज में टू-व्हीलर गाड़ी की पार्किंग को लेकर हुए विवाद में 22 साल के युवक की हत्या कर दी गई है। इस मामले में घाटकोपर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने दो अन्य पर भी हमला किया और उनमें से एक की गर्दन पर वार किया है।
वहीं इस घटना में मारे गए युवक की पहचान गणेश शिंदे के रूप में हुई है। आरोप है कि मंजीत सिंह, विनोद सिंह और उसके साथियों ने ही शिंदे की हत्या कर दी। मनजीत और विनोद दोनों कुख्यात आरोपी हैं और दोनों के खिलाफ 2015 में हत्या का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने बताया कि मंजीत के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का भी मामला दर्ज किया गया था।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने सबसे पहले शिकायतकर्ता अमर कदम से ओमकार पड़वल और गणेश शिंदे को लेकर पूछा कि वो कहां हैं। लेकिन जब उसने कहा कि वह दोनों के बारे में कुछ नहीं जानता तो एक आरोपी ने कदम की गर्दन पर वार कर दिया। साथ ही उसकी गर्दन और छाती पर भी वार किए गए। इसके बाद आरोपियों ने नागेश कोकाटे नामक युवक के साथ भी मारपीट की। दरअसल यह पूरा विवाद बाइक पार्क करते हुए एक अन्य की बाइक से टक्कर होने के कारण शुरू हुआ था।
उल्लेखनीय है कि इस घटना के बाद अमर कदम ने घाटकोपर थाने में मामला दर्ज कराया। लेकिन उससे पहले ही हमले में गंभीर रूप से घायल गणेश को सायन अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी वहां मौत हो गई। इस घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक मृतक के परिजनों ने शव को कब्जे में न लेने की चेतावनी दी थी। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया था। अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है।
Published on:
27 Aug 2022 03:48 pm
