Mumbai Crime News: कफ परेड पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ IPC की धारा 376 (2) (एन) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
Mumbai News: मुंबई की कफ परेड (Cuffe Parade) पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक युवती का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में 30 वर्षीय व्यवसायी को गिरफ्तार किया है। 24 वर्षीय पीड़िता यूपीएससी परीक्षा (UPSC Exam) की तैयारी कर रही है। हालांकि घटना के बाद से वह तनाव में है। आरोप है कि कई बार शारीरिक संबंध बनाने के बाद शख्स ने युवती से शादी करने से इनकार कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित लड़की ने अपनी आपबीती बताते हुए 30 वर्षीय व्यवसायी अजमतुला शेख (Ajmatula Shaikh) के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी से उसकी मुलाकात 2019 में हुई थी। इसके बाद, उनमें दोस्ती हुई और फिर दोस्ती प्यार में बदल गई। यह भी पढ़े-मुंबई लोकल ट्रेन के आगे कूदी 13 साल की छात्रा, परिवार सदमे में, पुलिस हैरान
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शेख पीड़िता को कोलाबा (Colaba) के होटल में लेकर गया था। जहां उसने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी ने इसके बाद भी शादी का झांसा देकर कई बार युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाये।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने कई बार शादी करने के बारे में शेख से बात की, लेकिन वह हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देता था। शेख का रवैया देख पीड़िता तनाव का शिकार हो गई और परिजनों से बात छुपाने के लिए डॉक्टर के पास जाने की बजाय खुद ही दवाइयां खरीदकर खाने लगी। हालाँकि, उनकी मानसिक स्थिति लगातार बिगड़ती गई। इससे परिवार को शक हो गया।
बाद में पीड़िता ने परिवार को सारी बात बताई। फिर कफ परेड पुलिस में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376 (2) (एन) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच चल रही है।