Mumbai Thane Palghar Rain Today: मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में शाम में अचानक मौसम बदल गया। इस दौरान तेज आंधी चली और गरज के साथ अच्छी बारिश हुई।
Ganpati Visarjan Rain Alert: अनंत चतुर्दशी 2023 गुरुवार को है यानी कल गणपति बप्पा की विदाई होने वाली है। हर साल अनंत चतुर्दशी (Ananta Chaturdashi 2023) के दिन भगवान गणेश की मूर्ति का विसर्जन बड़े धूमधाम से किया जाता है। इस बीच, मुंबई, ठाणे और पालघर में बारिश भी बढ़ रही है। जो अगले 48 घंटों तक जारी रहने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार और शुक्रवार को मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों में आंधी और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। तीनों जिलों के लिए 48 घंट का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। यह भी पढ़े-Maharashtra Rain: मॉनसून की विदाई में होगी देरी! महाराष्ट्र में बारिश की रवानगी पर बड़ा अपडेट
मुंबई-ठाणे में हो रही तेज बारिश
मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में बुधवार शाम में अचानक मौसम बदल गया। इस दौरान तेज आंधी चली और गरज के साथ अच्छी बारिश हुई। एमएमआर के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश हुई और कुछ स्थानों पर 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएँ चली। वहीँ, ठाणे-पालघर के कई हिस्सों में बादलों की तेज गड़गड़ाहट भी सुनी गई।
इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम?
मालूम हो कि सितंबर महीने में मुंबई शहर में अच्छी बारिश हुई है। आंकड़ों पर गैर करें तो मुंबई में मासिक औसत 383.5 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है। मुंबई में अब तक 400 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
सितंबर महीने में कुछ और दिन बचे हैं और इस महीने के बाकी दिनों में भी शहर और आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। आज और कल (28 सितंबर) दोनों दिन अधिकांश स्थानों पर मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 29 और 30 सितंबर को हल्की बारिश की उम्मीद है।
मॉनसून की वापसी कब? (Monsoon Withdrawn in Mumbai)
एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश से तेलंगाना होते हुए कोंकण तक फैली हुई है। मुंबई से ट्रफ की निकटता बारिश की प्रमुख वजह है। जबकि एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी विकसित हो रहा है। इस वजह से मुंबई में फ़िलहाल बारिश का दौर शुरू रहेगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा बारिश की गतिविधि के कारण मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र से मॉनसून की वापसी में देरी होने की संभावना है। मुंबई में 10 अक्टूबर के बाद मॉनसून की रवानगी हो सकती है।