मुंबई

Mumbai Rains: मुंबई में बारिश पर फिर लगेगा ब्रेक! IMD ने बताया इस हफ्ते के मौसम का हाल

Mumbai Weather: आज सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटों में मुंबई शहर में 17.70 मिमी, पूर्वी उपनगर में 21.09 मिमी और पश्चिमी उपनगर में 14.21 मिमी औसतन बारिश दर्ज की गई।

2 min read
Aug 27, 2023
महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश की संभावना

Weather Forecast Mumbai: लंबे ब्रेक के बाद मुंबई, ठाणे समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश का जोर बढ़ा है। इससे पारा लुढ़का है और मौसम सुहाना हो गया है। हालांकि, बारिश की यह राहत ज्यादा समय के लिए नहीं है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि मुंबई शहर और उसके उपनगरों में शनिवार तड़के से बारिश की तीव्रता बढ़ी है।

बीएमसी (BMC) के मुताबिक, आज सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटों में मुंबई शहर में 17.70 मिमी, पूर्वी उपनगर में 21.09 मिमी और पश्चिमी उपनगर में 14.21 मिमी औसतन बारिश दर्ज की गई। बीएमसी ने आज मुंबई शहर और उपनगरों में मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। यह भी पढ़े-Mumbai Weather: मुंबई में वीकेंड पर बढ़ेगा बारिश का जोर, पढ़ें IMD की ताजा भविष्यवाणी


भारी बारिश की उम्मीद नहीं!

मुंबई में बारिश बढ़ने के साथ ही आईएमडी ने शनिवार दोपहर को अगले 24 घंटों के लिए मुंबई और इसके पड़ोसी जिलों ठाणे और रायगढ़ के लिए येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया था। मौसम ब्यूरो ने अपने अलर्ट में इन जिलों में अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की।

भले ही आईएमडी ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया हो लेकिन मौसम के जानकारों ने कहा कि शहर में भारी बारिश नहीं होगी और मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। आईएमडी मुंबई की वैज्ञानिक सुषमा नायर (Sushma Nair) के अनुसार, वर्तमान में पछुआ हवाएं नमी ला रही हैं और इसलिए शहर में अधिक तीव्र बारिश हो रही है। हालांकि मौजूदा मौसमी गतिविधियों को देखते हुए केवल मध्यम बारिश की उम्मीद है।

पूरे हफ्ते कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले 48 घंटों से मुंबई के विभिन्न हिस्सों में कई बार तेज बारिश हुई। जबकि सोमवार से छिटपुट बारिश को छोड़कर पूरे सप्ताह बारिश नहीं होगी और मुंबई ज्यादातर शुष्क (Dry) ही रहेगी। स्काईमेट वेदर (Skymet Weather) के महेश पलावत (Mahesh Palawat) का कहना है कि पश्चिमी तट पर मानसून सक्रिय है, जो उत्तरी कोंकण क्षेत्र से महाराष्ट्र के उत्तरी तट तक बारिश ला रहा है। इसलिए 24 घंटों के दौरान मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। उसके बाद मौसम की स्थिति एक बार फिर शुष्क हो जाएगी।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सांताक्रूज़ मौसम केंद्र (Santacruz Weather Station) में 44.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि कोलाबा मौसम केंद्र (Colaba Weather Station) में शुक्रवार और शनिवार सुबह के बीच 10.2 मिमी बारिश हुई। शनिवार को शाम 5.30 बजे तक सांताक्रूज़ केंद्र में 16 मिमी बारिश हुई और कोलाबा केंद्र में 15.6 मिमी बारिश दर्ज हुई।

Published on:
27 Aug 2023 06:20 pm
Also Read
View All

अगली खबर