
Lok Sabha Elections 2024 : महाराष्ट्र की बारामती लोकसभा सीट (Baramati Lok Sabha Election) पर कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है। इस बार बारामती की सियासी लड़ाई में पवार बनाम पवार होने जा रही है। जहां एक तरफ शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले विपक्षी गठबंधन ‘एमवीए’ से प्रत्याशी हैं तो दूसरी तरफ अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार सत्तारूढ़ गठबंधन ‘महायुति’ से टक्कर दें रही हैं। इस वजह से पवार परिवार के गढ़ बारामती में चुनावी लड़ाई बेहद दिलचस्प होने वाली है।
बारामती में 7 मई को मतदान होगा और नतीजे 4 जून को घोषित होंगे। दो प्रमुख उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान सुप्रिया सुले और सुनेत्रा पवार द्वारा दाखिल किये गए चुनावी हलफनामे से बड़ा खुलासा हुआ है। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद ननद और भाभी के बीच बड़ी लेनदेन हुई है।
चुनावी हलफनामे से पता चला कि बारामती से वर्तमान सांसद सुप्रिया सुले ने अपनी भाभी सुनेत्रा पवार से 35 लाख रुपये का उधार लिया हुआ है।
हलफनामे से पता चलता है कि सुनेत्रा पवार ने सुले को 35 लाख रुपये और शरद पवार की पत्नी प्रतिभा पवार को 50 लाख रुपये का कर्ज दिया है। सुप्रिया सुले ने सुनेत्रा और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बेटे पार्थ पवार से भी 20 लाख रुपये उधार लिए हैं। दिलचस्प बात यह है कि सुले परिवार के पास अपनी कोई गाड़ी नहीं है।
सुनेत्रा पवार के हलफनामे से पता चलता है कि उनके परिवार के पास लगभग 121.45 करोड़ रुपये की संपत्ति है, साथ ही उन्होंने शेयरों और म्यूचुअल फंड में भी निवेश किया है। उनके पास 34.39 लाख रुपये की ज्वेलरी हैं, जबकि उनके पति अजित पवार के पास विभिन्न बैंकों में 37.15 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
दूसरी ओर, सुप्रिया सुले और उनके पति के पास 150 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। उन्होंने केवल भारत में निवेश किया हुआ है। सुले ने पार्थ पवार से 20 लाख रुपये और सुनेत्रा पवार से 35 लाख रुपये उधार लिए हैं। दंपति के पास सोने, चांदी और हीरे सहित लगभग 5.45 करोड़ रुपये के आभूषण भी हैं।
बारामती शहर में रैली कर शक्ति प्रदर्शन करने के बाद ननद और भाभी ने गुरुवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया। सुनेत्रा पवार की रैली में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और उनके पति अजित पवार शामिल हुए। इस बीच, सुप्रिया सुले की सार्वजनिक रैली में शरद पवार और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण और बालासाहेब थोराट शामिल हुए।
बारामती शरद पवार की पारंपरिक सीट है। शरद पवार और अजित पवार खेमे के लिए बारामती का चुनाव नाक का सवाल बन गया है। एनसीपी अध्यक्ष अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार और एनसीपी (शरद पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष और तीन बार की सांसद सुप्रिया सुले के बीच तय है।
48 लोकसभा सीटों वाले महाराष्ट्र में मुख्य तौर पर महायुति (बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी गठबंधन) और महाविकास अघाडी यानि एमवीए (कांग्रेस, शिवसेना-यूबीटी और एनसीपी-शरद पवार) के बीच सीधी टक्कर होगी।
Updated on:
21 Apr 2024 07:18 pm
Published on:
21 Apr 2024 06:56 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
