टिस प्रशासन ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
मुंबई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बीबीसी की विवादित डाक्यूमेंट्री को लेकर मुंबई के टाटा इंंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज में भी विवाद शुरू हो गया है। वामपंथी व कांग्रेस से जुड़े छात्र संगठन इस डाक्यूमेंट्री को दिखाने की तैयारी कर रहे हैं। टिस प्रशासन ने इन संगठनों के छात्रों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। केंद्र सरकार के फैसले के मद्देनजर इंस्टीट्यूट ने विवादित डाक्यूमेंट्री दिखाने की अनुमति नहीं दी है। प्रशासन का कहना है कि डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग से तनाव बढ़ सकता है व परिसर में शांति भंग हो सकती है। कुछ छात्रों ने शुक्रवार को केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। सूत्रों के अनुसार डॉक्यूमेंट्री देखने के लिए छात्रों को क्यूआर कोड जारी किए गए हैं।
पार्क से टीपू सुल्तान का नाम हटाने का आदेश, बजरंग दल ने किया था विरोध
मुंबई. आर्थिक राजधानी मुंबई के मालाड स्थित एक पार्क से टीपू सुल्तान का नाम हटाने का आदेश महाराष्ट्र सरकार ने दिया है। पर्यटन मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने जिला प्रशासन से जरूरी कदम उठाने को कहा है। पिछले साल उद्धव ठाकरे नीत महाविकास आघाडी सरकार ने इस पार्क का नाम टीपू सुल्तान के नाम पर करने को मंजूरी दी थी। ऐतराज जताते हुए भाजपा, विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल ने इसके खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया था। पुलिस ने आंदोलन में शामिल भाजपा व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। भाजपा के दबाव के चलते मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) सकते में आ गई थी।