
Maharashtra Assembly Election Results: महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर यानी बुधवार को मतदान संपन्न हो गया है। मतगणना 23 नवंबर को होनी है। इसके बाद यह साफ होगा कि महाराष्ट्र में किसकी सरकार बन रही है, हालांकि इससे पहले ही महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद के लिए महाविकास अघाड़ी गठबंधन में बयानबाजी तेज हो गई है। गुरुवार को एक बयान में पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी गठबंधन की सरकार बन रही है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा कांग्रेस के प्रत्याशी जीत रहे हैं।
नाना पटोले ने आगे कहा “महाराष्ट्र में कांग्रेस के नेतृत्व में ही अघाडी की सरकार बनेगी। राज्य में कांग्रेस के सबसे ज्यादा विधायक चुने जाएंगे। अघाडी की सरकार बनेगी। इसपर शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत ने कहा “हम नहीं मानेंगे। कोई नहीं मानेगा। हम लोग बैठकर तय करेंगे। अघाडी सरकार बाद में बैठकर तय करेगी। अगर नाना पटोले को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, खरगे ने कहा हो कि आप सीएम बनेंगे तो उनको ऐलान करना चाहिए।
एक हिन्दी न्यूज वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, यह पहली बार नहीं है। जब महाराष्ट्र में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले और शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत के बीच ऐसी बयानबाजी हुई है। इससे पहले हरियाणा में कांग्रेस की हार पर भी संजय राउत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। जिसके बाद नाना पटोले ने भी संजय राउत पर पलटवार किया था। नाना पटोले ने कहा था “संजय राउत ने किस आधार पर लिखा और कहा मुझे नहीं पता, लेकिन आप सार्वजनिक रूप से गठबंधन पर इस तरह से आरोप नहीं लगा सकते। संजय राउत के बयान से हमें आपत्ति है।”
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बुधवार को 65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस दौरान सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन ने सत्ता बरकरार रखने का दावा किया। जबकि दूसरी ओर विपक्षी महाविकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन अपनी सरकार बनाने का दावा कर रहा है। यानी महाविकास अघाड़ी गठबंधन लोकसभा चुनाव 2024 का अच्छा प्रदर्शन जारी रखने की उम्मीद कर रहा है। हालांकि 23 नवंबर को मतगणना के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में साल 2019 के विधानसभा चुनाव में 61.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इस दौरान नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में 69.63 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जबकि मुंबई का मतदान आंकड़ा 50.67 प्रतिशत दर्ज किया गया था। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार इस बार मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि यह आंकड़े अनंतिम हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में महायुति गठबंनध (भाजपा, शिंदे गुट, अजित गुट ) और महाविकास अघाड़ी गठबंधन (उद्धव गुट, शरद गुट और कांग्रेस) के बीच कड़ी टक्कर देखी जा रही है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में महायुति गठबंधन में भाजपा ने 149, शिवसेना ने 81 और अजित पवार की एनसीपी ने 59 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। जबकि महाविकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन में कांग्रेस 101, शिवसेना यूबीटी 95 और शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी 86 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के रण में कुल 4136 प्रत्याशी मैदान में हैं।
Updated on:
21 Nov 2024 01:40 pm
Published on:
21 Nov 2024 01:30 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
