मुंबई

मां के साथ जा रहे युवक को 10 बदमाशों ने घेरा, आंख में मारी मिर्च स्प्रे, फिर बेरहमी से मार डाला

Thane Ulhasnagar Murder: पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
Feb 12, 2024
मृतक राहुल जयसवाल

मुंबई से सटे ठाणे जिले (Thane Crime News) से दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। उल्हासनगर में कई बदमाशों ने घेरकर एक 28 साल के लड़के की बेरहमी से हत्या कर दी। अधिकारियों ने बताया कि 10 आरोपियों ने पहले राहुल जयसवाल (उम्र 28 वर्ष) की आंखों में मिर्च स्प्रे की और फिर उसे चाकू घोंपा और पत्थर मारा। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों को उल्हासनगर कोर्ट में पेश किया, जहां आरोपियों को 15 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले में फरार चार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस की टीमें इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। यह भी पढ़े-पुणे के हीरा कारोबारी की गुवाहाटी में हत्या! अफेयर और अंतरंग तस्वीरें बनी वजह


पुणे से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गये थे। आरोपियों को दबोचने के लिए तीन पुलिस टीमें अलग-अलग स्थानों पर भेजी गई। 24 घंटे के अंदर छह हैवानों को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि गुप्त मुखबिरी एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुणे से मुख्य आरोपी प्रेमचंद उर्फ बाबू उर्फ पंजाबी मनोहर ढकनी (उम्र 28 वर्ष) और करण मनोहर ढकनी (उम्र 26 वर्ष), उसके साथी संतोष अरुण साल्वे, प्रणय सुधीर शेट्टी, प्रफुल्ल सुरेश कुमावत, वसंत राधे ढकनी को गिरफ्तार किया गया।

मां के सामने मार डाला

मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले हफ्ते उल्हासनगर में एक 28 साल के युवक की 10 बदमाशों के गैंग ने आंखों में मिर्ची स्प्रे मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। घटना उल्हासनगर शहर के कैंप नंबर-3 के इमली पाड़ा इलाके में हुई थी। इसी इलाके में युवक अपने परिवार के साथ रहता था।

इस मामले को लेकर सेंट्रल थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि राहुल जयसवाल को उसकी मां के सामने ही सड़क पर मौत के घाट उतार दिया गया। कुछ समय पहले मृतक युवक की बाइक जला दी गई थी। तब राहुल ने पंजाबी ढकनी के खिलाफ केस दर्ज कराया था।

इस वजह से की हत्या!

मृतक राहुल अपने परिवार के साथ उल्हासनगर के फॉर्वल लाइन इलाके के इमली पाड़ा इलाके में रहता था। इसी इलाके में रहने वाले पंजाबी ढकनी और उसके दो साथियों ने 2022 में मृतक राहुल की बाइक जला दी थी। तब राहुल ने ढकनी के खिलाफ सेंट्रल थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।

पुलिस ने ढकनी को गिरफ्तार किया था। कुछ दिन बाद जब वह जमानत पर जेल से छूटा तो मृतक राहुल को धमकाने लगा और दोपहिया वाहन जलाने का मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने लगा। लेकिन मृतक राहुल ने केस वापस लेने से इनकार कर दिया।

चाकू घोंपा... मारा पत्थर..

इसी विवाद के चलते आरोपी पंजाबी ढकनी, करण ढकनी ने अपने साथियों के साथ मिलकर राहुल जयसवाल के घर पर पथराव किया। जैसे ही राहुल और उसकी मां थाने में इसकी सूचना देने के लिए जाने लगे तो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बाबू ढकनी ने राहुल जायसवाल पर धारदार चाकू से हमला कर दिया और उसके सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। फिर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

Published on:
12 Feb 2024 09:17 pm
Also Read
View All

अगली खबर