MNS Ravindra More Avinash Jadhav: मनसे ने दावा किया है कि मुंब्रा में अवैध धर्मस्थलों को गिराने की मांग के बाद उनके एक नेता को जान से मारने की धमकी दी गई है। इस संबंध में नौपाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया गया है।
Mumbai Mubra News: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे (Raj Thackeray) द्वारा गुड़ीपड़वा रैली में मुंबई के माहिम बीच के करीब समुद्र में बने अवैध दरगाह (Mahim Sea Shrine) का मामला उठाया गया। जिसके बाद राज्य भर में मनसे नेता आक्रामक हो गए है। जिसके बाद ठाणे शहर के मनसे नेताओं ने दावा किया है कि मुंब्रा (Mumbra) की पहाड़ियों पर कुछ अज्ञात लोगों ने इसी तरह से 12 से 40 अवैध धर्मस्थल बनाए है। इस बीच, ठाणे के मनसे नेता को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई है।
मनसे ने दावा किया है कि मुंब्रा में अवैध धर्मस्थलों को गिराने की मांग के बाद उनके एक नेता को जान से मारने की धमकी दी गई है। इस संबंध में नौपाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया गया है। नौपाड़ा पुलिस स्टेशन (Naupada Police Station) के अधिकारी ने बताया कि ठाणे मनसे प्रमुख रवींद्र मोरे (Ravindra More) ने मामला दर्ज कराया कि उनके सहयोगी अविनाश जाधव (Avinash Jadhav) को धमकी से संबंधित दो वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किये गए हैं। यह भी पढ़े-Shiv Sena: उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका, सांसदों और विधायकों के बाद अब महिला ब्रिगेड में पड़ी दरार
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 506 (2) के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब हो कि मनसे नेता अविनाश जाधव ने हाल ही में जिला प्रशासन को पांच दिनों के भीतर मुंब्रा पहाड़ी पर बने अवैध मस्जिदों और दरगाहों को हटाने का अल्टीमेटम दिया था। ऐसा नहीं करने पर उस जगह पर हनुमान मंदिर बनाने की बात कही थी। इसको लेकर मनसे नेता रवींद्र मोरे और अविनाश जाधव ने ठाणे कलेक्टर से मुलाकात भी की।
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने कहा था कि राज्यभर में अवैध मस्जिद और दरगाहों का निर्माण किया जा रहा है। इस संबंध में कुछ फोटो और वीडियो भी सबूत के तौर पर पेश किये थे। साथ ही राज ठाकरे ने सरकार पर इस मामले को नजरअंदाज करने का भी आरोप लगाया था।