
Govinda (सोर्स- एक्स)
Govinda Recalls Facing Mob At His Home: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गोविंदा अपने चुलबुले अंदाज और कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं, लेकिन हाल ही में उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसने उनके फैंस को चौंका दिया। ये वाकया उस रात का है जब देर रात कुछ अजनबी लोग उनके मुंबई स्थित घर के बाहर इकट्ठा हो गए थे और स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी।
गोविंदा ने 'टीओआई' से बात करते हुए बताया कि एक रात उन्होंने देखा कि करीब 22-23 लोग उनके घर के आसपास घूम रहे हैं। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद कोई पार्टी या सामान्य मामला होगा, लेकिन थोड़ी देर में उन्हें शक होने लगा। उन लोगों का हुलिया और बर्ताव सामान्य नहीं लग रहा था। स्थिति को भांपते हुए गोविंदा ने तुरंत अपने मोबाइल से उनकी वीडियो रिकॉर्ड कर ली, ताकि किसी भी अनहोनी की स्थिति में सबूत मौजूद रहे।
हालात बिगड़ते देख गोविंदा ने सबसे पहले मुंबई पुलिस को कॉल किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद कॉल रिसीव नहीं हुआ। इस बात से वह और ज्यादा परेशान हो गए। उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्होंने किसी दूसरे देश की पुलिस को कॉल कर लाइन पर बने रहने के लिए कहा, ताकि उन्हें मानसिक तौर पर कुछ सहारा मिल सके। इसी बीच भीड़ में से एक व्यक्ति उनके घर की छत पर चढ़ गया, जिससे खतरा और बढ़ गया।
स्थिति को गंभीर समझते हुए गोविंदा ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाली। उनका कहना है कि उन्होंने यह कदम डराने के लिए उठाया, न कि किसी को नुकसान पहुंचाने के इरादे से। जब वो बंदूक लेकर बाहर आए तो सामने खड़े लोग हैरान रह गए। उन्होंने ऊंची आवाज में पूछा कि वे लोग कौन हैं और वहां क्यों मौजूद हैं।
कुछ पल की चुप्पी के बाद भीड़ में से एक व्यक्ति ने जवाब दिया कि वे बिजली की व्यवस्था ठीक करने आए हैं। गोविंदा को यह बात बिल्कुल भी भरोसेमंद नहीं लगी, क्योंकि इतनी देर रात और इतनी बड़ी संख्या में लोगों का आना सामान्य नहीं था। आखिरकार उन्होंने बंदूक दिखाकर सभी को वहां से चले जाने के लिए कहा, जिसके बाद वह लोग वहां से निकल गए।
इस घटना के बाद गोविंदा ने जानबूझकर इस मामले को ज्यादा तूल नहीं दिया। उनका मानना है कि हर बात पर प्रतिक्रिया देना एक कलाकार के लिए सही नहीं होता। उन्होंने कहा कि एक अभिनेता को या तो अभिनय करना चाहिए या प्रतिक्रिया देनी चाहिए, दोनों साथ नहीं हो सकते। जरूरत से ज्यादा सोचने से इंसान की ऊर्जा नकारात्मक दिशा में चली जाती है।
गौरतलब है कि अक्टूबर 2024 में भी गोविंदा खबरों में थे, जब उनकी लाइसेंसी बंदूक से गलती से गोली चल गई थी और उनके पैर में चोट लग गई थी। उस वक्त वह एयरपोर्ट जाने की तैयारी कर रहे थे। इस घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इस हालिया खुलासे के बाद एक बार फिर गोविंदा की सुरक्षा और सेफ्टी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फैंस भी इस बात से हैरान हैं कि एक बड़े अभिनेता को अपने ही घर में ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा।
Updated on:
10 Feb 2026 02:24 pm
Published on:
10 Feb 2026 02:24 pm
