
शिवसेना विधायक संतोष बांगर
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के विधायक संतोष बांगर एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर बांगर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह 10 साल से भी कम उम्र के स्कूली बच्चों को अपने माता-पिता पर उन्हें वोट देने का दबाव बनाने के लिए कह रहे है। शिवसेना नेता ने छात्रों से कहा, अगर आपके मम्मी-पापा मुझे वोट करते हैं तो दो दिन तक खाना मत खाना।
विवाद खड़ा करने वाले एक वीडियो में संतोष बांगर को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘‘अगर आपके माता-पिता अगले चुनाव में मेरे लिए वोट नहीं करते हैं तो दो दिन तक खाना मत खाइये।’’ यह वीडियो हिंगोली जिले में उनके एक जिला परिषद स्कूल के दौरे के समय का बताया जा रहा है। यह भी पढ़े-बाल ठाकरे को भारत रत्न देने की मांग, राज ठाकरे ने चाचा तो संजय राउत ने सुझाए ये 2 नाम
शिवसेना नेता ने बच्चों से यह भी कहा कि अगर आपके माता-पिता खाना न खाने की वजह पूछे तो उन्हें कहना है, ‘‘वोट फॉर संतोष बांगर, तभी हम खाना खाएंगे।’’ इसके बाद विधायक ने बच्चों से यह बात दोहराने के लिए भी कहा।
विपक्ष ने किया कटाक्ष
इसको लेकर संतोष बांगर की विपक्ष ने कड़ी आलोचना की है। कांग्रेस और शरद पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने बांगर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महाराष्ट्र विधान सभा में विपक्ष के नेता व कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने निर्वाचन आयोग से बांगर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने राज्य के शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर पर भी हमला बोला। वडेट्टीवार ने कहा, जब उनकी पार्टी का एक विधायक स्कूली बच्चों से ऐसी बातें कर रहा था तो क्या वह सो रहे थे।
वहीँ, शरद पवार गुट के एनसीपी प्रवक्ता क्लाईड क्रास्टो ने कहा, ‘‘बांगर ने स्कूली बच्चों से जो कहा है, वह चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों के खिलाफ है इसलिए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वह बार-बार उल्लंघन करते हैं। वें बीजेपी का सहयोगी होने के कारण बच जाते हैं। आयोग को पक्षपात करे बिना उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।’’
चुनाव आयोग के आदेश का उल्लंघन
हिंगोली जिले के कलमनुरी से शिवसेना विधायक संतोष बांगर की यह टिप्पणी तब आयी है जब एक सप्ताह से भी कम समय पहले निर्वाचन आयोग ने चुनाव संबंधी गतिविधियों में बच्चों के इस्तेमाल के खिलाफ दिशानिर्देश जारी की थी।
कई विवादों से रहा है नाता
शिवसेना नेता संतोष बांगर पहले भी अपनी टिप्पणियों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। पिछले महीने उन्होंने कहा था कि अगर 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनते हैं तो वह फांसी लगा लेंगे।
शिंदे खेमे के नेता ने पिछले साल अगस्त में एक रैली के दौरान कथित तौर पर तलवार लहराई थी। इस मामले में कलमनुरी पुलिस ने मामला दर्ज किया था। वहीं 2022 में बांगर एक मिड-डे मील के कैटरिंग मैनेजर को थप्पड़ मारने को लेकर भी विवादों में घिरे थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
Published on:
11 Feb 2024 04:24 pm

बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
