
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस भारत में आए दिन अपना कहर बरपा रहा है। देश मे कोरोना से पीड़ित लोगों की संख्या 1 हज़ार के पार हो गई है। जिनमें से कई इलाज के दौरान ठीक होकर अपने घर भी चले गए हैं। इससे निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री राहत कोष बनाया गया है। जिसमें देश के उद्यमी से लेकर बॉलीवुड अभिनेता और खिलाड़ियों से लेकर आम लोगों ने करोडों रुपये का दान दिया है।
वहीं कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई में अब छोटे-छोटे मासूम बच्चे भी आगे आ गए हैं। दरअसल, जनपद मुजफ्फरनगर में थाना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के निवासी एक 8 वर्षीय बच्ची अनिका ने अपने भाई के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी गुल्लक में 3 वर्षों से जमा की गई पूंजी को देश के नाम समर्पित कर दिया।
इन बच्चों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर अपनी गुल्लक को कोरोना राहत कोष में देते हुए कहा कि हमारे देश में बहुत भयानक कोरोना बीमारी फैली हुई है। इसलिए मैंने गुल्लक में जमा किये गए पैसे प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा करा रही हूं, ताकि कोरोना वायरस वैक्सीन बनाई जा सके।