मुजफ्फरनगर। जिले में बृहस्पतिवार को गांव भोकरहेड़ी में उस समय दो पक्षों में संघर्ष हो गया, जब एक युवक पड़ोस की महिला की नहाते वक्त फोटो खींचने का प्रयास कर रहा था। मामले की जानकारी पीड़ित महिला के परिजनों को हुई तो हंगामा खड़ा हो गया। महिला के परिजनों ने आरोपी युवक के परिजनों को मामले की जानकारी दी तो दोनों में गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते लाठी, डंडे और धारदार हथियार चल पड़े। जिसमें एक पक्ष से एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने चारों घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर कठोर कार्रवाई की बात कह रही है।