
कैराना व नूरपुर की हार पर इस समाज का चौकाने वाला खुलासा, हमारे वोट न देने से हारी भाजपा
शामली। कैराना व नूरपुर उपचुनाव में सैनी समाज के संगठन सूर्यवंशी क्षत्रिय महासभा ने बहिष्कार का एलान किया था। गठबंधन प्रत्याशी की जीत व भाजपा की हार के बाद हुई बैठक में सैनी समाज ने साफ किया कि ओबीसी नेता व डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को सीएम न बनाने के विरोध में सैनी समाज के इस संगठन ने उपचुनाव में भाजपा का साथ नहीं दिया था। साथ ही संगठन के नेताओं ने चेतावनी दी कि साल 2019 के चुनाव से पहले केशव प्रसाद मौर्य को मुख्यमंत्री नहीं बनाया तो आगे भी उनका संगठन भारतीय जनता पार्टी का बहिष्कार करेगा।
रविवार को को शहर के बैंड मार्केट में आयोजित सूर्यवंशी क्षत्रिय महासभा की बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोनू सैनी ने कहा कि जिस तरह से भाजपा ने 2017 में केशव मौर्य के नाम पर समाज का वोट लेकर उनकी जगह योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया दिया था। इस धोखे से अन्य पिछड़ा वर्ग में बड़ी नाराजगी थी। यही वजह रही कि उन्होंने पहले ही कैराना और नूरपुर उपचुनाव में भाजपा के बहिष्कार की घोषणा कर दी थी।
31 मई को आए चुनाव परिणामों में भाजपा की हार इसी बहिष्कार का नतीजा है। बैठक में दिल्ली से शामिल होने के लिए आए करण सिंह कुशवाहा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के असली हकदार केशव प्रसाद मौर्य थे, जिन्हें केवल डिप्टी सीएम ही बनाया गया। इस बैठक के दौरान मलखान सिंह शाक्य, संतोष मौर्य, राजीव कुशवाहा, साहिल कांबोज, बीपी सैनी आदि मौजूद रहे। साथ ही कुशवाहा, सैनी, शाक्य व मौर्य समाज की बैठक में एकजुटता पर मंथन किया गया।
Published on:
4 Jun 2018, 8:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.