मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के जिला हाथरस (Hathras ) में पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ( Jayant Chaudhary ) जयंत चौधरी और रालोद कार्यकर्ताओ पर पुलिस के लाठीचार्ज की आंच मुज़फ्फरनगर तक पहुंच गई है। राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जाम लगा कर धरना प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष अजीत राठी की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त धरना प्रदर्शन करने के बाद एक तहरीर थाना प्रभारी सिविल लाइन के दी। तहरीर में हाथरस के एसडीएम प्रेम प्रकाश मीणा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जयंत चौधरी की हत्या के प्रयास का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। राष्ट्रीय लोक दल के जिला अध्यक्ष अजीत राठी ने योगी सरकार की कड़े शब्दों में निंदा की और आगामी 8 अक्टूबर को होने वाले रालोद के धरने प्रदर्शन मैं जिला प्रशासन को भी चेताया कि यदि शासन और प्रशासन अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं लाता तो राष्ट्रीय लोकदल सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगा।