5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जरुरतमंदों को दिलाएं योजनाओं का लाभ – केन्द्रीय राज्य मंत्री चौधरी

केन्द्रीय राज्यमंत्री सी.आर चौधरी ने कहा, सरकार की इज्जत अधिकारियों के हाथ,अधिकारियों को मानसिकता से काम की नसीहत।

2 min read
Google source verification
nagaur news

DISHA meeting in nagaur

नागौर. केन्द्रीय राज्यमंत्री सी.आर चौधरी ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की क्रियान्विति प्रभावी तरीके से की जाए। जरूरतमंद व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाने की मानसिकता के साथ अधिकारी पूर्ण गंभीरता के साथ कार्य करें। केंद्रीय राज्य मंत्री शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में बोल रहे थे। चौधरी ने कहा कि योजनाओं में किसी तरह की परेशानी हो तो अधिकारी स्थानीय स्तर के जनप्रतिनिधियों से मिलकर पात्र व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने की दिशा में व्यक्तिगत रुचि ले कर कार्य करें।
गांव-ढाणी तक बने सडक़
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सडक़ योजना के तहत जहां सडक़ें बनती है,उसके आसपास अगर कोई गांव-ढाणी सडक़ से वंचित रहती है तो उसे अन्य योजना में कवर किया जाए। उन्होंने अभियान चलाकर पात्र व्यक्तियों के नाम राशन कार्ड में जोडऩे वे अपात्र व्यक्तियों के नाम काटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजकीय कार्यालयों में आने वाले लोगों का कार्य नियमानुसार तत्काल किया जाए। चौधरी ने कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन अधिकारियों पर निर्भर करता है। ऐसे में सरकार की इज्जत अधिकारियों के हाथ में है।
गुणवत्ता का रखें विशेष ध्यान
बैठक में जिला प्रभारी मंत्री व चिकित्सा स्वास्थ्य राज्य मंत्री बंशीधर बाजिया ने कहा कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य योजना में चयनित सभी बच्चों की शल्यक्रिया सहित अन्य चिकित्सा सुविधा निशुल्क उपलब्ध करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश राज्य सरकार स्तर पर शीघ्र जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सडक़ों के पेच वर्क कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्य प्रारंभ करने से पहले व बाद में सडक़ की स्थिति पर उच्च अधिकारियों द्वारा निरीक्षण कर, संतुष्ट होने पर ही ठेकेदार अथवा कार्यकारी एजेंसी को भुगतान की कार्रवाई की जाए।
शीघ्र स्वीकृत हो सांसद-विधायक के कार्य
प्रभारी मंत्री ने बाजिया ने कहा कि सांसद व विधायक कोष से होने वाले कार्यों की अनुशंसा विधायक व सांसद द्वारा करने के पश्चात शीघ्र ही कार्य की स्वीकृति जारी की जाए। कार्य स्वीकृति में अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में चिकित्सकों की मांग के अनुसार पद भरे जाने के लिए राज्य सरकार स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। जिला प्रभारी सचिव संजय मल्होत्रा ने कहा कि स्वच्छता की दिशा में आगे बढ़ कर कार्य करें और जिले में अजमेर विद्युत वितरण निगम द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य की सूचना संबंधित क्षेत्र के विधायक को दी जाए।
मनरेगा में सर्वाधिक कार्यरत श्रमिक
जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम ने बताया कि मनरेगा में नागौर जिले में सर्वाधिक श्रमिक कार्यरत है। उज्जवला योजना के माध्यम से हर पात्र व्यक्ति को निशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना में जिन व्यक्तियों ने मकान बना लिया है, उन्हें केंद्र और राज्य की विभिन्न योजनाओं के लाभ से भी जोड़ा जा रहा हैं। नागौर विधायक हबीबुर्रहमान ने सडक़ों की चौड़ाई बढ़ाने का कार्य प्राथमिकता से करने की बात कही। जायल विधायक डॉक्टर मंजू बाघमार ने जायल विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सडक़ों के निर्माण कार्य की आवश्यकता जताई।
डिस्कॉम पर बरसे जनप्रतिनिधि
मकराना विधायक श्रीराम भींचर ने पेचवर्क कार्य में गुणवत्ता से कार्य करने की बात कही। नागौर प्रधान ओमप्रकाश सैन ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास में भुगतान में देरी, फीड सुधार का बजट होने के बावजूद डिस्कॉम अधिकारियों द्वारा झूलते तारों को ठीक नहीं करने व मनरेगा में भुगतान में देरी का मुद्दा उठाया। मौलासर प्रधान जालाराम भाकर, जायल प्रधान सुनीता सांगवा, खींवसर प्रधान पूनाराम मेघवाल,माटी शिल्प कला बोर्ड के अध्यक्ष हरीश कुमावत, मेड़ता विधायक सुखाराम तथा नावां विधायक विजय सिंह चौधरी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।