24 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जिला परिषद के चार वार्डों में भाजपा के प्रत्याशी ही नहीं, वार्ड 14 से कांग्रेस की गौरी देवी निर्विरोध

नागौर पंचायत समिति में तीन-तीन प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित, जिला परिषद के सभी वार्डों में केवल कांग्रेस के उम्मीदवार
2 min read
Google source verification
निर्दलीय प्रत्याशी हंसराज पंवार निर्विरोध निर्वाचित

नागौर पंचायत समिति वार्ड संख्या 18 से निर्दलीय प्रत्याशी हंसराज पंवार निर्विरोध निर्वाचित

नागौर. जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए भरे गए नामांकन पत्रों की जांच के बाद बुधवार को नाम वापसी के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई। जिला परिषद के 47 वार्डों के लिए भरे गए कुल 225 नामांकनों में से 43 खारिज होने तथा 16 की नाम वापसी के बाद कुल 165 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं, जबकि वार्ड 14 से भाजपा प्रत्याशी द्वारा नामांकन वापस लेने के कारण कांग्रेस प्रत्याशी गौरी देवी निर्विरोध निर्वाचित हो गई। गौरतलब है कि वार्ड संख्या 45 में कांग्रेस के टिकट से भरे पूर्व प्रधान ओमप्रकाश सेन व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष हनुमान बांगड़ा द्वारा भरे गए नामांकन पर निर्णय लेने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने मंगलवार देर रात तक चर्चा करने के बाद सेन के नामांकन को सही मानते हुए बांगड़ा के आवेदन को खारिज कर दिया था। बांगड़ा के साथ ही कुल 43 नामांकन खारिज किए गए।

बुधवार को जारी अंतिम सूची के अनुसार जिला परिषद के 47 वार्डों में कांग्रेस के 46, भाजपा के 44, आरएलपी के 39, बसपा के 11, कम्युनिस्ट पार्टी के 2 तथा 23 प्रत्याशी निर्दलीय मैदान में हैं। भाजपा की ओर से वार्ड संख्या 2 व 15 में उम्मीदवार ही खड़े नहीं किए गए, जबकि वार्ड 14 से सनोप विश्नोई ने नाम वापस ले लिया।

नागौर पंचायत समिति की फाइनल तस्वीर
37 कुल वार्ड
18 नामांकन पत्र खारिज हुए
132 आवेदन सही पाए गए
103 प्रत्याशी मैदान में रहे
29 ने नाम वापस ले लिए
03 वार्ड में निर्विरोध निर्वाचन
34 वार्डों में होगा चुनाव
34 प्रत्याशी कांग्रेस से
26 प्रत्याशी भाजपा से
20 प्रत्याशी आरएलपी से
02 प्रत्याशी बसपा से
21 प्रत्याशी निर्दलीय

नागौर पंचायत समिति से दो निर्दलीय व एक कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध
नागौर पंचायत समिति सदस्य के नाम निर्देशन पत्रों की जांच के दौरान मंगलवार को वार्ड संख्या एक से भाजपा प्रत्याशी शांति का नामांकन खारिज हो गया। इसके बाद कांग्रेस की उम्मीदवार विमला पत्नी वीरेंद्रपाल सिंह कड़ेला का निर्विरोध निर्वाचन हो गया। भाजपा की उम्मीदवार का नामांकन खारिज होने से चुनाव से पहले ही एक सीट कांग्रेस के खाते में चली गई है।
वहीं वार्ड संख्या 18 से भाजपा प्रत्याशी कुशाल चंद ने नाम वापस ले लिया, जिसके कारण निर्दलीय प्रत्याशी हंसराज पंवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए। पंवार के निर्विरोध निर्वाचन पर कांग्रेस जिला महासचिव हीरालाल भाटी, पूर्व प्रधान ओमप्रकाश सेन, सरपंच मूलचन्द मेघवाल, दिनेश देवड़ा, नरसिंह भाटी आदि ने माला पहनाकर बधाई दी। पंचायत समिति के ही वार्ड 28 से निर्दलीय कौशल्या निर्विरोध निर्वाचित हो गई। यहां से निर्दलीय प्रत्याशी छोटी देवी का नामांकन खारिज हो गया, जबकि ज्यानी देवी ने नाम वापस ले लिया

निर्वाचन अभिकर्ता के फार्म जमा कराने की आज अंतिम तिथि
जिला परिषद सदस्य चुनाव के लिए नाम निर्देशन दाखिल करने और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद जो उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं, उनके निर्वाचन अभिकर्ता का फार्म जमा कराने की अंतिम तिथि 12 नवम्बर तक रखी गई है। तहसीलदार निर्वाचन रूघाराम सेन ने बताया कि जिला परिषद सदस्य के लिए होने वाले चुनाव में अंतिम रूप से घोषित वे उम्मीदवार, जिन्होंने पूर्व में निर्वाचन अभिकर्ता की जानकारी अपने नामांकन में नहीं दी थी, वे इससे संबंधित फार्म को भरकर, उसकी दो प्रतिलिपि मय फोटो कमरा नं. 22 में 12 नवम्बर तक जमा करवा दें।