11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुख्यमंत्री ने नागौर को दी कई सौगातें, खींवसर पर विशेष मेहरबानी

मेड़ता में पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, डीडवाना अस्पताल होगा 300 बेडेड, कालवा में बनेगा करमा बाई का पैनोरमा

2 min read
Google source verification

नागौर. विधानसभा में वित्त एवं विनियोग विधेयक की चर्चा के जवाब में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नागौर व डीडवाना-कुचामन जिले के लिए कई कार्यों की घोषणाएं की। मुख्यमंत्री शर्मा ने खींवसर विधानसभा पर विशेष मेहरबानी दिखाई तथा बजट में सूखी रही परबतसर, मकराना, डीडवाना व लाडनूं विधानसभा क्षेत्र के लिए भी कुछ घोषणाएं की। बड़ी घोषणाओं में मेड़ता में पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, डीडवाना अस्पताल को 300 बेडेड करने व कालवा में करमा बाई का पैनोरमा बनाने की घोषणा शामिल हैं। मुख्यमंत्री शर्मा ने प्रदेश में सडक़ों का नेटवर्क और अधिक सुदृढ़ करने के प्रस्तावों का जिक्र करते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों की जनता से विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त हुए हैं। इन सभी पर विस्तृत तकनीकी एस्टीमेट बनवाए जाने का कार्य भी प्रारम्भ कर दिया गया है। इसी क्रम में उन्होंने खींवसर क्षेत्र में विभिन्न सडक़ों के कार्यों के लिए 18 करोड़ रुपए के बजट की घोषणा की। इसी प्रकार विद्युत प्रसारण तंत्र के सुदृढ़ीकरण के लिए खींवसर के खरनाल में 132 केवी जीएसएस व डीडवाना-कुचामन जिले के भूणी व आगुंता में 33 केवी जीएसएस स्थापित करने की घोषणा की। औद्योगिक विकास एवं खनन के क्षेत्र में घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने उद्यमियों को पैड सैम्पलिंग की सुविधा प्रदान करने के लिए नागौर सहित अन्य जिलों में लैब स्थापित करने की घोषणा की, जो एनएबीएल से प्रमाणित होगी। इसी प्रकार भैरूंदा उप तहसील को तहसील में क्रमोन्नयन किया है, जबकि परबतसर में कृषि मण्डी खोली जानी प्रस्तावित है।

शिक्षा व चिकित्सा

जिले में शिक्षा के विस्तार की दृष्टि से मेड़ता सिटी में नवीन पॉलिटेक्निक महाविद्यालय खोलने तथा डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामनसिटी में देवनारायण आवासीय विद्यालय खोलने की घोषणा की। इसी प्रकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए खींवसर में खेल स्टेडियम का निर्माण कराने की बात कही। चिकित्सा के क्षेत्र में घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने जसवंतगढ़ (लाडनूं) व रेण (मेड़ता) के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में क्रमोन्नयन करने एवं गुलासर (खींवसर) में नवीन उप स्वास्थ्य केन्द्र खोलने तथा जिला चिकित्सालय डीडवाना की बेड क्षमता बढ़ाकर 300 करने की घोषणा की। खींवसर के बिरलोका के पशु चिकित्सालय को प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नयन किया जाएगा।

धार्मिक स्थल :

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की आस्था के केन्द्रों तथा पेनोरमा एवं बावडिय़ों के विकास कार्य करवाए जाने प्रस्तावित हैं। इसमें दधिमति माता मंदिर गोठ मांगलोद (जायल) में विकास कार्य करवाए जाएंगे। साथ ही कालवा में श्री भक्त शिरोमणि करमा बाई पेनोरमा बनाया जाएगा।