26 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शिविर की सेवा में नागौर का डंका, संभाग में सबसे आगे और प्रदेश में आठवें स्थान पर

प्रदेश में चल रहे शहरी सेवा शिविरों की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में नागौर 13 सेवाओं में 170 अंक जुटाकर प्रदेश के शीर्ष 10 में जगह बनाई है। पट्टा वितरण में भी अव्वल, 103 पट्टे जारी कर किया बेहतर प्रदर्शन।
2 min read
Google source verification
शहरी सेवा शिविर नागौर नगरपरिषद

शहरी सेवा शिविर नागौर नगरपरिषद

नागौर. प्रदेश में चल रहे शहरी सेवा शिविरों की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में नागौर नगर परिषद ने बड़ी छलांग लगाई है। शिविर में चल रही गतिविधियों में श्रेष्ठतम प्रदर्शन कर नागौर नगर परिषद ने प्रदेश में 8वीं रेकिंग प्राप्त की है। प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ ही 13 प्रकार की सेवाओं में 170 अंक प्राप्त कर अजमेर संभाग में सबसे आगे रही है।

पट्टा वितरण समेत कई प्रमुख कार्यों में बेहतर प्रदर्शन के दम पर नागौर ने अजमेर संभाग में बेहतर प्रदर्शन कर रहे किशनगढ़ को भी 26 अंक से पीछे छोड़ा। इस तरह से अब नागौर नगर परिषद प्रदेश के शीर्ष पांच निकायों से महज 22 अंक दूर रही है। परिषद के अधिकारियों कहना है कि प्रयास है कि अगली रेकिंग में नागौर नगर परिषद प्रदेश में टॉप फाइव में जगह बनाए।

संभाग में सबको पछाड़ा

शिविर गतिविधियों के आधार पर संभाग के अन्य निकायों से तुलना करने पर सामने आया कि नागौर नगर परिषद को 170 अंक मिले हैं। जबकि किशनगढ़ 144 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। अजमेर नगर निगम को 119 अंक मिले हैं। इसके बाद ब्यावर 97, केकड़ी 96, डीडवाना 93, परबतसर 81, कुचामन 80, मकराना 76 और मेड़ता सिटी 70 अंकों पर रहे है।

13 सेवाओं का प्रदर्शन बना ताकत

प्रदेश सरकार ने शिविरों का मूल्यांकन 13 सेवाओं के आधार पर किया। इनमें पट्टा वितरण, भवन निर्माण स्वीकृति, भवन पूर्णता प्रमाण पत्र, भूमि उपयोग परिवर्तन, नाम परिवर्तन, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, सीवरेज कनेक्शन, सडक़ प्रकाश व्यवस्था, ठोस कचरा प्रबंधन शामिल है। नागौर ने किसी एक क्षेत्र में नहीं, बल्कि अधिकांश सेवाओं में अच्छे अंक अर्जित किए। इसी संतुलित प्रदर्शन का परिणाम रहा कि नगर परिषद प्रदेश की शीर्ष 10 रेंकिंग में पहुंचने में सफल रही।

103 पट्टे जारी करना रहा मजबूत आधार

शिविरों के दौरान नागौर नगर परिषद ने 103 पट्टे जारी किए। जो इसकी सफलता का मजबूत आधार बना। ब्यावर में केवल 17 पट्टे वितरित हुए। दोनों निकायों के बीच यह अंतर बताता है कि नागरिकों को स्वामित्व अधिकार उपलब्ध कराने के मामले में नागौर की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी रही।

अब टॉप-5 में जगह बनाने की चुनौती

प्रदेश स्तरीय सूची में सिरोही 378 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। इसके बाद जैसलमेर, चित्तौडगढ़़, हनुमानगढ़ और बांसवाड़ा शीर्ष पांच में शामिल हैं। आठवें स्थान पर नागौर और पांचवें स्थान के बीच 22 अंकों का फासला है। ऐसे में आगामी दिनों में बेहतर प्रदर्शन कर शीर्ष पांच निकायों में स्थान बनाने का अवसर है।

अजमेर संभाग की स्थिति पर एक नजर

निकाय             अंक

नागौर 170 अंक

किशनगढ़ 144 अंक

अजमेर 119 अंक

ब्यावर 97 अंक

केकड़ी 96 अंक

डीडवाना 93 अंक

परबतसर 81 अंक

कुचामन 80 अंक

मकराना 76 अंक

मेड़तासिटी 70 अंक

टॉप फाइव में बनाएंगे जगह

शहरी सेवा शिविर की सभी गतिविधियों में नागौर नगरपरिषद ने शानदार प्रदर्शन किया है। इसके पीछे नगरपरिषद टीम की मेहनत है। अब प्रयास कर रहे हैं कि इस प्रदर्शन को और बेहतर कर प्रदेश की टॉप फाइव सूची में नागौर को शामिल करें।

गोविंद सिंह भींचर, आयुक्त, नगरपरिषद नागौर