17 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बुटाटी धाम दर्शन के लिए जाते वक्त बस से टकराई कार, 4 की मौत

मृतक अमरीश पुरी पाली पुलिस का सिपाही, जिसकी पत्नी व दो बच्चे गंभीर घायल, मृतकों की पहचान जोधपुर जिले के बोरूंदा थाना क्षेत्र के रावनियाना निवासी के रूप में हुई

2 min read
Google source verification
कार और रोडवेज बस में टक्कर

कार और रोडवेज बस में टक्कर

नागौर. जिले के अजमेर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग 58 स्थित चकढाणी गांव की सरहद पर आज सुबह करीब साढ़े 7 बजे एक कार और रोडवेज बस में टक्कर हो गई, जिससे 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर घायल हो गए। कार सवार यात्री बुटाटी करीब संत चतुरदास महाराज के मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए रेण के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद 3 गंभीर घायलों को मेड़ता और मेड़ता के बाद जोधपुर रेफर कर दिया।

मृतकों की पहचान जोधपुर जिले के बोरूंदा थाना क्षेत्र के रावनियाना निवासी अमरीश पुरी (28) पुत्र संतोष पुरी गोस्वामी, उमेशपुरी उर्फ आकाश (26), रुक्मादेवी (50) पत्नी संतोष पुरी के रूप में हुई, जिनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। तीनों के शव कुचेरा सीएचसी मोर्चरी में रखवाए गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल नीतु (22) को रेण सीएचसी से मेड़ता सिटी रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया, उसका शव मेड़ता सिटी के अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक अमरीशपुरी पाली जिले में पुलिसकर्मी के रूप में कार्यरत था, जिसकी साइबर सेल में ड्यूटी थी।

हादसे में संतोष पुरी (52) पत्नी पुसापुरी, जसोदा उर्फ ज्योत्सना (26) पत्नी अमरीश पुरी, मानसी (3) पुत्री अमरीश पुरी और वेदांश उर्फ विकास (8 माह) पुत्र अमरीश पुरी घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेड़ता सिटी रेफर किया गया, जहां से उन्हें उच्च उपचार के लिए जोधपुर भेजा गया है। दुर्घटना की सूचना सुबह 7:40 से 7:45 बजे के बीच थाना कुचेरा को मिली। सूचना पर नागौर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आसाराम, मेड़ता सिटी वृत्ताधिकारी रामकुमार और कुचेरा थानाधिकारी हबीब खान मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार

रोडवेज बस के साथ हुई टक्कर के बाद कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के चालक हरेंद्र तेतरवाल मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।