
nagaur news
नागौर/खजवाना. बैंकिंग क्षैत्र में जाने के लिए अंग्रेजी, गणित और सामान्य ज्ञान विशेष विषय है। सामान्य ज्ञान अनुभव की सतत प्रक्रिया है। सामान्य ज्ञान कभी भी पूर्ण नहीं होकर प्रतिदिन नया ज्ञान देता है और इसके लिए हमें आवश्यकता है अपनी विषयापुस्तकों के साथ अखबार पढनें की। अगर हम अपडेट रहेंगे तो समय के साथ चल पाएंगे और किसी भी प्रतिस्पर्धा में पीछे नहीं रहेंगे । ये विचार कस्बे के राउमावि में नींव शिक्षा का सवाल अभियान के तहत बैंकिग कॅरियर कांउसलिंग के दौरान राजस्थान मरूधरा ग्रामीण बैंक नागौर के क्षेत्रीय प्रबन्धक वीरेन्द्र बाफना ने रखे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी हल्लाराम चौधरी ने कहा बैंकिंग सेक्टर में रोजगार की अपार सम्भावनाएं है,इसके लिए आपको नियमित अध्ययन के साथ सामान्य ज्ञान, अंग्रेजी और गणित पर जोर देना होगा। उन्होंने बैंकिग की विभिन्न भर्तियों व उससें सम्बन्धित परीक्षाओं के बारे में विस्तार से बताया। रियां श्यामदास बैंक के शाखा प्रबन्धक यशवर्धन वर्मा ने भी कॅरियर को लेकर बच्चों के साथ सवाल जवाब किए। बुधवार को भामाशाह सीताराम प्रजापत की ओर से अल्पहार कराया गया। गुरूवार को शिक्षा विभाग के अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (मा.प्र.) सुरेश सोनी, रमसा के एडीपीसी रामदेवसिंह पूनियां, नागौर मिर्धा कॉलेज के प्रो. डॉ. शंकरलाल जाखड़, मूण्डवा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बी एल चौहान व पूर्व छात्र के रूप में अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बाबूलाल निर्मल विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।
आज शिक्षक पहुंचेंगे ड्रेस कोड में
प्रधानाचार्य व पीईईओ प्रेमप्रकाश मिश्रा ने बताया कि गुरुवार से कस्बे के सभी सरकारी विद्यालयों के अध्यापक ड्रेस कोड में पहुंचेंगे इसके अलावा राजस्थान पत्रिका व जिला प्रशासन द्वारा सुझाए गए सभी दस बिन्दुओं पर प्रभावी क्रियान्वयन भी कस्बे के सरकारी विद्यालयों में शुरू हो जाएगा।
रातंगा प्रधानाचार्य के खिलाफ सौंपा ज्ञापन
नागौर. जायल तहसील क्षेत्र के रातंगा गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य के खिलाफ ग्रामीणों ने कलक्टर के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीण रामेश्वर, जवानाराम, कालूराम, ओमप्रकाश, रामाराम, धूलाराम, स्वरूपराम भाकर, भींयाराम आदि ने ज्ञापन में बताया कि प्रधानाचार्य बच्चों के अभिभावकों के साथ अभद्र व्यवहार कर रही है और एससी-एसटी का मुकदमा लगाने की धमकियां दे रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानाचार्य ने शिक्षा में मंदिर को राजनीति का अखाड़ा बना दिया है। गौरतलब है कि रातंगा प्रधानाचार्य जगनी देवी गत दिनों तबादले के बाद काफी चर्चा में रही थी।
Published on:
12 Jul 2018, 5:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.