14 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jobs For Women: महिलाओं को मिलेगा रोजगार, टोल प्लाजा पर 5100+ फीमेल कर्मचारियों की होगी तैनाती, NHAI ने की ये अनूठी पहल

NHAI Unique Initiative: महिलाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत देशभर के 1140 से अधिक टोल प्लाजा पर दिन की पारी में 5100 से ज्यादा महिला कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है।

2 min read
Google source verification
NHAI Female Staff

फोटो: पत्रिका

Women Employees On Toll Plaza: राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल संचालन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने अहम पहल की है। देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे नेटवर्क पर स्थित 1,140 से अधिक टोल प्लाजा पर दिन की पारी में 5100 से अधिक महिला कर्मचारियों को टोल प्लाजा व बूथ संचालन के लिए तैनात किया गया है।

एनएचएआई के अनुसार इस पहल का उद्देश्य टोल संचालन में लैंगिक समावेशिता और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। टोल प्लाजा पर महिला कर्मचारियों की तैनाती से राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को अधिक सहज और विनम्र सेवा वातावरण मिलेगा। इससे टोल पर होने वाले विवादों में कमी आने की संभावना है।

हितधारकों के साथ चर्चा के बाद निर्णय

यह निर्णय विभिन्न हितधारकों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद लिया गया है। इसमें टोल प्लाजा संचालकों के साथ प्रमुख उद्योग संगठन एनएचबीएफ, एचओएआई व एआईयूसीएफ की भी सहमति शामिल रही। सभी टोल संचालकों ने दिन की पारी में महिला कर्मचारियों की तैनाती का समर्थन किया है।

प्रभावी क्रियान्वयन की होगी निगरानी

एनएचएआई इस पहल के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी करेगा, जिससे सभी टोल प्लाजा पर इसका सही तरीके से पालन सुनिश्चित किया जा सके। इससे विशेष रूप से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और राजमार्ग अवसंरचना क्षेत्र में उनकी भागीदारी मजबूत होगी।

महिला कार्मिकों को विशेष प्रशिक्षण

एनएचएआई तैनाती से पहले महिला कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण देगा। इसमें यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार, आपातकालीन स्थितियों से निपटना, सुरक्षा प्रोटोकॉल और कुशल टोल संचालन जैसे विषय शामिल होंगे। इससे सुरक्षित और पेशेवर कार्य वातावरण के साथ सेवा की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है।

पहल की खास बातें

  • देशभर के 1140 से अधिक टोल प्लाजा पर महिलाओं की तैनाती
  • 5100 से अधिक महिला कर्मचारी दिन की पारी में करेंगी कार्य
  • ग्रामीण व अर्ध-शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को मिलेगा रोजगार
  • टोल सेवा होगी अधिक सहज और उपयोगकर्ता के अनुकूल
  • महिला कर्मचारियों को दिया जाएगा कार्य का प्रशिक्षण