
tug of war
नागौर. जिला स्तरीय राजीव गांधी शहरी एवं ग्रामीण ओलंपिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन रविवार को जिला स्टेडियम नागौर में समारोहपूर्वक किया गया। तीन दिन तक आयोजित हुई जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में कई खेलों में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। खासकर रविवार को हुई महिला वर्ग की रस्साकशी tug of war प्रतियोगिता में नियमों के चक्कर में खूब 'रस्साकशी' हुई। 15 से 20 मिनट में पूरा होने वाली प्रतियोगिता को पूरी कराने में आयोजकों को करीब डेढ़ घंटा लगा।
दरअसल, हुआ यूं कि रस्साकशी के फाइनल में जायल ब्लॉक से कठौती की टीम व नागौर ब्लॉक से गगवाना की टीम पहुंची। दोनों ही टीमों में खिलाड़ी के रूप में ग्रामीण महिलाएं मारवाड़ की पारम्परिक वेशभूषा पहने हुए थी। फाइनल मैच कराने से पहले खिलाडिय़ों को नियम बताए गए। इसके बाद जब रस्सा खींचने के लिए कहा तो दोनों टीमों ने अपना-अपना जोर लगाया, इसी दौरान दोनों टीमों की खिलाड़ी नीचे बैठ गई, जिसको फाउल माना गया। इस बीच गगवाना की टीम ने ढील दे दी और रस्सा कठौती की टीम ने खींच लिया। इसके बाद विवाद हो गया। करीब आधे घंटे तक दोनों टीमों खिलाडिय़ों एवं समर्थकों ने आयोजकों के समक्ष अपना-अपना पक्ष रखते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। इसके बाद जिला खेल अधिकारी सोहनराम गोदारा एवं शारीरिक शिक्षक जगदीश इनाणियां, बाबूलाल भाटी, प्रेमराज सियाग, रामूराम सैनी, सीताराम इनाणियां, हरेन्द्र तांडी सहित अन्य ने आपसी समझाइश से पांच राउंड का मैच करवाया, जिसमें गगवाना (नागौर) की टीम ने मैच 3-1 से जीत लिया।
दौड़ में मेड़ता का रहा दबदबा
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग 100 मीटर दौड़ में मेड़ता के असलम खान, 200 मीटर में मेड़ता के हीरालाल, 400 मीटर में मेड़ता के शमशेर खान, महिला वर्ग 100 मीटर दौड़ में मेड़ता की लक्षिता राज कंवर, 200 मीटर में मूण्डवा की ज्योति एवं 400 मीटर में हिना बालोटिया विजेता रही।
इन्होंने जीते फाइनल मुकाबले, अब खेलेंगे स्टेट
बास्केटबॉल पुरुष वर्ग में मूण्डवा कलस्टर 463, शूटिंग बॉल पुरुष में मूण्डवा ग्रामीण, वॉलीबॉल पुरुष में डेगाना ग्रामीण, टेनिस बॉल क्रिकेट पुरुष में डेगाना ग्रामीण, फुटबॉल पुरुष में जायल ग्रामीण, कबड्डी पुरुष में नागौर ग्रामीण, बास्केटबॉल महिला में कलस्टर 39 नागौर, खो-खो महिला में खींवसर ग्रामीण, फुटबॉल महिला में मूण्डवा ग्रामीण, वॉलीबॉल महिला में खींवसर, कबड्डी महिला में खींवसर, रस्साकशी में नागौर, टेनिस बॉल क्रिकेट महिला में नागौर ग्रामीण विजेता रही। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों ने प्रशंसा पत्र, मेडल एवं पारितोषिक देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता की जनरल चैंपियनशिप खींवसर ब्लॉक ने अर्जित की तथा जनरल चैंपियनशिप में द्वितीय स्थान पर डेगाना ग्रामीण रहा।
खेल बढ़ाते हैं सामाजिक समरसता व भाईचारा : कलक्टर
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए कलक्टर डॉ. अमित यादव ने कहा कि खेल से न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास में वृद्धि होती है, बल्कि सामाजिक समरसता का विकास एवं आपसी भाईचारा में बढ़ोतरी होती है। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप राज्य स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करें। समारोह में अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में अति जिला कलक्टर राकेश कुमार गुप्ता ने प्रतियोगिता में सहयोग प्रदान करने वाले समस्त निर्णायक एवं सभी विभागों के कर्मचारी एवं अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मुंशी खान ने उपस्थित समस्त प्रतिभागियों एवं जिला प्रशासन का आभार जताया। प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को स्कूल बैग, निर्णायकों को टी-शर्ट एवं विजेता प्रतिभागियों को ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया गया। ध्वज अवतरण एवं राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता संपन्न हुई। प्रतियोगिता में प्रतिवेदन प्रस्तुति एवं संचालन अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राधेश्याम गोदारा ने किया।
Published on:
03 Sept 2023 10:14 pm

बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
