नागौर

उत्साह ने छिपाई उम्र तो खुशी ने बढ़ाई चेहरे की चमक, स्टेशन पर तीर्थ यात्रियों का बारातियों सा हुआ स्वागत

रामेश्वरम के लिए विशेष ट्रेन नागौर से हुई रवाना -दुल्हन की तरह सजाया स्टेशन, आवभगत में जुटा सरकारी अमला -नागौर व सीकर के 573 तीर्थ यात्री, पूरी तरह करेंगे नि:शुल्क यात्रा

3 min read
Dec 02, 2022
करीब सात सौ वरिष्ठ नागरिकों की संख्या से नागौर का रेलवे स्टेशन खचाखच भरा हुआ था, लगभग सभी आंखें सपना पूरा करने वाली रेलगाड़ी की बाट जोह रही थीं।

नागौर. उत्साह से चमकते चेहरों की भीड़ थी। सभी खुशी से फूले नहीं समा पा रहे थे। तीर्थ पर जाने का इंतजार खत्म हो चला था पर स्पेशल ट्रेन आने की प्रतीक्षा में एक-एक पल भारी लग रहा था। स्टेशन दुल्हन की तरह सजा हुआ था तो तीर्थयात्रियों का बारातियों की तरह स्वागत किया जा रहा था। करीब सात सौ वरिष्ठ नागरिकों की संख्या से नागौर का रेलवे स्टेशन खचाखच भरा हुआ था, लगभग सभी आंखें सपना पूरा करने वाली रेलगाड़ी की बाट जोह रही थीं। यह पहला अवसर है जब तीर्थयात्रियों की विशेष रेल नागौर स्टेशन से रवाना हुई है। ढोल-नगाड़ों के साथ उनको िवदा िकया गया।

बुधवार की रात से ही लोगों की भीड़ नागौर के स्टेशन के आसपास जुटने लगी थी। सीकर से आए लोगों ने धर्मशाला अथवा होटल में शरण ले ली थी। वो इसलिए भी कि देवस्थान विभाग की ओर से संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना की रामेश्वरम के लिए इस विशेष ट्रेन में 573 यात्री जाने वाले थे, इनमें कुछ नागौर के भी थे। स्टेशन के बाहर किसी बिटिया की शादी की तरह भव्य पण्डाल सजा हुआ था। कुर्सी पर बैठे तीर्थ यात्री तो साथ लगी टेबल पर लायंस क्लब समेत अन्य कर्मचारियों की ओर से उनकी जिज्ञासा को शांत करने का काम चल रहा था। पूरी तरह नि:शुल्क इस यात्रा में इन बुजुर्गों को विदा करने वाले नन्हे-मुन्ने भी खुशी से इतराए घूम रहे थे।

मालाओं से लाद दिया

ट्रेन तो दोपहर में जानी थी पर तीर्थ यात्रियों का सुबह जल्द ही यहां पहुंचना शुरू हो गया। एक तरफ एसडीएम सुनील पंवार तो दूसरी तरफ स्टेशन अधीक्षक एमएल मीना ने कमान संभाली। इसके अलावा आने वाले तीर्थ यात्रियों का माला पहनाकर स्वागत तो किया ही आईआरसीटीसी की ओर से उन्हें नाश्ते के साथ चाय भी दी गई। सबकुछ व्यवस्थित था, कुछ अपनों के साथ बातचीत में मशगूल थे तो कुछ साथ में सफर करने वाले अनजानों से बातचीत कर पहचान बताने में जुटे थे। नागौर विधायक मोहनराम चौधरी, डॉ हापूराम चौधरी समेत अन्य भाजपा पदाधिकारियों के साथ रामेश्वरम् जाने वाले तीर्थ यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई देने में लगे थे। जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी, कांग्रेस के मोतीलाल चंदेल, राधेश्याम सांगवा, दिलफराज, हनुमान बांगड़ा समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी तीर्थ यात्रियों की आवभगत की। नागौर नगर परिषद की सभापति मीतू बोथरा, नवरतन बोथरा, उपसभापति सदाकत सुलेमान, पार्षद भजनलाल समेत अन्य ने भी तीर्थ यात्रियों की अगवानी कर उन्हें माला पहनाई।

सोचा भी न था...ऐसा होगा

नागौर व सीकर जिले से जाने वाले इन यात्रियों से खुशी साझा की तो सपना सच होने की हकीकत पता चली। कुछ तो निराश तक हो चुके थे कि कभी रामेश्वरम् जा पाएंगे। कोई आर्थिक रूप से परेशान था तो कोई नागौर से सीधे मिलने वाली सुविधाजनक ट्रेन की वजह से जा नहीं पा रहा था। नागौर की मगी वैष्णव का कहना था कि भगवान ने सुनी, सरकार ने जो किया, वो कभी नहीं भूल पाएंगे। हनुमान राम चौधरी ने कहा कि बड़ी आस थी, समाचार-पत्रों से पता लगा तो ऑनलाइन फार्म भरा और नंबर आ गया। राधेश्याम सोनी का कहना था कि उम्र के इस पड़ाव पर खुशी का मौका मिला है, वक्त का किसे पता? भगवान ने अरदास पूरी कर दी। संतोष शर्मा व अरुणा का कहना था कि महिलाओं का तो वैसे भी घर से निकलना मुश्किल है, ऐसे में हमें इतना बड़ा मौका मिला है जो वाकई प्रशंसनीय है। कुछ ने गरीबी का जिक्र करते हुए अपनी पीड़ा बताई। सीकर से आए रतनलाल ने बताया कि वो सभी धाम जा चुका था, केवल रामेश्वरम् जाना ही बाकी था, यह भी पूरा हो गया। ऐसे ही लोगों से रूबरू हुए तो जाने की ललक के साथ खुशी की झलक दिखी।

घर-गृहस्थी के साथ राजनीतिक बातें

ट्रेन आने में वक्त था तो महिलाएं समूह में बैठकर घर-गृहस्थी की बातें कर रही थीं तो पुरुष कभी राजनीति तो कभी महंगाई की बातों में व्यस्त थे। एक बुजुर्ग का कहना था कि ईश्वर का ध्यान लगाओ, राजनीति में कुछ नहीं धरा, यह बात सुनकर सब हंसने लगे।

कलक्टर ने दिखाई हरी झण्डी

रामेश्वरम जाने वाली इस ट्रेन को जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान एडीएम मोहनलाल खटनावलिया व सभापति मीतू बोथरा भी मौजूद रहे। ट्रेन में कुल 573 यात्री रामेश्वरम के लिए रवाना हुए। जिसमें नागौर के साथ सीकर जिले के यात्री भी शामिल है। यह यात्रा राज्य सरकार की ओर से पूरी तरह नि:शुल्क है । यात्रा के दौरान भोजन, आवास आदि समस्त व्यवस्थाएं राज्य सरकार की ओर से आईआरसीटीसी के माध्यम से की जाएगी। यात्रा प्रभारी कुम्भाराम रेलावत ने बताया कि इस सात दिवसीय यात्रा के दौरान सभी वरिष्ठ जनों को रामेश्वरम एवं मदुरई की यात्रा करवाई जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा तथा स्वास्थ्य को लेकर चिकित्सकीय टीम भी साथ रवाना हुई ।

Published on:
02 Dec 2022 09:12 pm
Also Read
View All

अगली खबर