18 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आपके लिए सुविधाएं बिखरी पड़ी है, वो हम दिलाएंगे, आज से आपकी जिंदगी बदलने वाली है: चौधरी

- मेड़ता में अभिनव राजस्थान पार्टी की जनसभा -अगले छह माह की कार्य योजना तैयार - बदलाव की बयार के साक्षी बने हजारों लोग : वक्ता बोले- हमारी कही हर एक बात सच, प्रदेश में लाएंगे नई क्रांति

3 min read
Google source verification
आपके लिए सुविधाएं बिखरी पड़ी है, वो हम दिलाएंगे, आज से आपकी जिंदगी बदलने वाली है: चौधरी

मेड़ता सिटी. जनसभा के दौरान शपथ लेते हुए जागरूक नागरिक।

मेड़ता सिटी (नागौर). शहर में पंचायत समिति मैदान पर रविवार को अभिनव राजस्थान पार्टी की विशाल जनसभा हुई, जिसमें प्रदेशभर से लोग पहुंचे। भारी भीड़ के बीच पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पूर्व आईएएस डाॅ. अशोक चौधरी ने कहा कि आज मैं सभा में जो भी कहूंगा उसे कोई भी राजनीतिक पार्टी या फिर सरकार झूठा साबित नहीं कर सकती। सभा के दौरान हजारों लोग एक जाजम पर बैठे और उनके लिए क्या सही है, क्या गलत है इसका भेद समझा। जनता का खुद का और सीधा राज लाने को लेकर अगले साल किए जाने वाले कार्यों के बारे में संकल्प लिया।
डा. चौधरी ने कहा कि सरकार और संसद ने ऐसी कई योजनाएं बना रखी हैं, जो जनता के लिए है पर जनता को उनका लाभ उठाना नहीं आता, इसलिए वो पैसा पूंजीपतियों और कम्पनियों की जेब में जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम किसी से कोई मांग नहीं करेंगे, केवल जानकारी लेंगे और उसी के दम पर काम कराएंगे। फिर देखिए, राज जनता का होगा। हिंदुस्तान के इतिहास में 1947 के बाद पहली बार ऐसा हो रहा है कि जागरूक और जिम्मेदार नागरिक एकसाथ बैठ रहे हैं और अपने हक के लिए फैसला कर रहे हैं।

आप छह हजार के भाव को तरस रहे, कुवैत में ग्वार एक लाख रुपए क्विंटल बिक रहा

चौधरी ने कहा कि हमारे पास ग्वार के रूप में वो चीज है, जो पूरी दुनियां के पास नहीं है। ग्वार जैसे सोने को हम पीतल के भाव बेच रहे हैं। हम यहां ग्वार के भाव छह हजार प्रति क्विंटल बेचने को तरस रहे हैं और अरब देशों में एक लाख रुपए तक बिक रहा है, लेकिन हमें इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि ग्वार का पाउडर तेल के कुएं खोदने में काम आता है। उन्होंने कहा कि किसानों के नाम पर बहुत सारी सुविधाएं सरकार दें रही है, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हो रहा। फसल बीमा कंपनियां किसानों को धोखा दे रही हैं। सरकारें और राजनीतिक पार्टियां खुद यह नहीं चाहती कि किसान या फिर आम आदमी जागरूक हो, क्योंकि जब आम आदमी जागरूक हो जाएगा तो उनकी दुकानें बंद हो जाएंगी। चौधरी ने गोशालाओं को मनरेगा से जोड़ने, गोचर भूमि को गायों के लिए विकसित करने, किसानों को दी जाने वाली बिजली का समय आदि से जुड़ी जानकारी भी दी।

सुबह से जुटने लगी भीड़
जनसभा को लेकर सुबह 10:30 बजे से भीड़ जुटना शुरू हो गई। तय समय 11 बजे तक बड़ी संख्या में गांवों के लोग एकत्रित हो गए। प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीश यादव, उपाध्यक्ष इंद्रसिंह मांगलिया, मंजीत सिंह, लिखमाराम ज्याणी, एस.एस शर्मा, महासचिव प्रकाश मील, सचिव एम.एल गुर्जर, नागौर जिलाध्यक्ष हेमराज माली, दौलत सिंह, पूर्व चीफ इंजीनियर रामाकिशन झींझा, संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक जस्साराम छाबा, पूर्व प्रधान रामपाल महिया ने शहीद भगतसिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
धर्म नगरी में ऐसी विचारधारा का अंकुर फूटा, जो लाया "अभिनव' क्रांति : यादव

पार्टी के उपाध्यक्ष जगदीश यादव ने कहा कि धर्म नगरी में एक ऐसी विचारधारा का अंकुर फूटा है, जिसे हम अभिनव राजस्थान विचारधारा कहते हैं और जो नई क्रांति लेकर आया है। हम कहने को लोकतंत्र में जी रहे हैं लेकिन असली लोकतंत्र में तब तक नहीं है जब तक अभिनव राजस्थान की विचारधारा संपूर्ण राजस्थान में नहीं आएगी।

इनको मिला अभिनव सम्मान
जनसभा के दौरान स्नेक रेस्क्यूएर सहदेव शर्मा, मंेहदी को फसल का दर्जा दिलवाने वाले ताराचंद सैनी, रामसिंह राजपुरोहित, भंवरलाल देवासी, काष्ठ कला के लिए त्रिलोकराम मांडण, पशुपालन के लिए अशोक जांगू, आधुनिक खेती के लिए मुकेश दाधीच, स्वरूपराम लटियाल इंदावड़, गोसेवा के लिए गोचर विकास समिति रायमलवाड़ा और वाल्मीकि समाज की अनाथ बेटी की शादी करने वाले देवाराम जाखड़ दंपती का सम्मान किया गया।