
नागौर. फलौदी में आयोजित 68वीं राज्य स्तरीय हॉकी 14 वर्षीय (छात्र-छात्रा वर्ग) प्रतियोगिता में नागौर के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्ग की चैम्पियनशीप अपने नाम की। छात्र वर्ग की प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पोटलिया मांजरा के कप्तान अंकित भादू के नेतृत्व में नागौर की टीम ने मेजबान फलौदी को ट्राइबेकर में 1-0 से हराकर स्टेट चैम्पियन का खिलाब अपने नाम किया। इसी प्रकार छात्रा वर्ग में नागौर की टीम ने जयपुर ग्रामीण को फाइनल में 4-0 से हराकर स्टेट चैम्पियनशीप जीती। छात्रा टीम में भी पोटलिया मांचरा की पूजा भादू का शानदार प्रदर्शन रहा, वहीं पूरी टीम का भी अच्छा प्रदर्शन रहा। इस प्रकार दोनों वर्ग की टीमों ने राज्य स्तर पर विजेता का खिताब जीतकर नागौर का को हॉकी हब व हॉकी का जादूगर बनाया है।
भाई-बहन ने किया दोनों टीमों का नेतृत्व
पोटलिया मांजरा में हॉकी खिलाडिय़ों के लिए मैदान सहित हर संभव सुविधाएं जुटाने वाले रायधनु सरपंच ओमाराम भादू ने बताया कि छात्र वर्ग की टीम के कप्तान अंकित व छात्रा वर्ग की टीम की कप्तान पूजा भादू सगे भाई-बहन हैं। चार वर्ष पहले इनके पिता का देहांत हो गया। दोनों बच्चों ने कोमल हाथों में हॉकी स्टीक थामी और दूसरी बार स्टेट लेवल पर बेस्ट खिलाड़ी का खिताब भी जीता है। दोनों पोटलिया मांजरा केक शहीद रूघाराम भादू विद्यालय के विद्यार्थी हैं। चार भाई-बहनों में सबसे बड़े भाई नरसी भादू किसानी व मजदूरी करके छोटे भाई-बहनों को पढ़ा-लिखा रहा है। साथ ही हॉकी खेल में रुचि को देखते हुए अंकित व पूजा को प्रोत्साहित किया। इसकी बदौलत बड़ी बहन प्रियंका भादू पिछले तीन साल से लगातार स्टेट की बेस्ट प्लेयर एवं चैम्पियन रह चुकी है। प्रियंका से प्रेरित होकर अंकित व पूजा अब बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। पोटलिया मांजरा में हॉकी की टीम तैयार करने में कोच सहदेव का बड़ा योगदान है, जबकि यहां हॉकी की शुरुआत शारीरिक शिक्षक कैलाश जोशी ने की थी, जो अब इस दुनिया में नहीं है।
सरपंच खुद करवाते हैं अभ्यास
पोटलिया मांजरा के खिलाडिय़ों ने बताया कि सरपंच भादू खुद छह बजे मैदान में आकर उन्हें अभ्यास करवाते हैं। इसके साथ खेल के संसाधन भी अपने जेब व दानदाताओं के सहयोग से जुटाते हैं। इतना ही नहीं, सरपंच टीम के साथ ब्लॉक स्तर से लेकर राज्य स्तर तक रहते हैं और टीम की हौसलाअफजाई करते हैं। खिलाडिय़ों ने बताया कि उनकी जीत में नागौर टीम प्रभारी हरलालडूकिया एवं गुठाराम की रणनीति बड़ी सहायक सिद्ध हुई।
Published on:
03 Oct 2024 09:22 pm

बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
