
रेल यात्रियों को नहीं सताएगा गाड़ी छूटने का डर
नागौर. डिजिटीकरण की दिशा में आगे बढ़ते हुए और नकदी रहित अर्थव्यवस्था के लिए भारतीय रेल में तेजी से और अधिक तकनीकी-उन्नत लेनदेन की पहल की जा रही है। भारतीय रेल द्वारा स्मार्ट फोन के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने की सुविधा उत्तर पश्चिम रेलवे के यात्रियों को शीघ्र ही मिलने जा रही है। इसके लिए रेल सूचना प्रणाली केंद्र (सीआरआईएस) ने मोबाइल आधारित एप्लिकेशन 'यूटीएसओएनमोबाइलÓ विकसित किया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी तरूण जैन के अनुसार यूटीएस मोबाईल एप पर टिकट बुक करने से यात्रियों को टिकट खिड़की की लम्बी लाइनों में लगने से छुटकारा मिलेगा।
मील का पत्थर साबित होगा यह कदम
यूटीएसओएनमोबाइल एप के द्वारा अब यात्री ई-टिकट की भांति कहीं से भी अपनी अनारक्षित टिकट बुक कर सकते हंै। जैन के अनुसार डिजीटल भुगतान तथा एप में पेपरलेस टिकट बनने से पर्यावरण को भी लाभ पहुंचेगा। कागज की कम खपत होने से हरित पर्यावरण को बढ़ावा देने की दिशा में उत्तर पश्चिम रेलवे का यह कदम मील का पत्थर साबित होगा। क्रिस द्वारा विकसित मोबाइल एप्लिकेशन अनारक्षित टिकटों की बुकिंग और रद्द करने, सावधिक और प्लेटफार्म टिकटों के नवीनीकरण, आर-वॉलेट की बकाया राशि की जांच और लोड करने तथा उपयोगकर्ता के वि?वरण और बुकिंग की जानकारी को मेन्टेन रखने में सहायक है।
स्मार्ट फोन पर नि:शुल्क उपलब्ध
यह एप्लिकेशन जीपीआरएस सपोर्ट करने वाले एंड्रॉइड, आईओएस और विंडोज स्मार्ट फोन पर नि:शुल्क उपलब्ध है। उपयोगकर्ता इस ऐप को गूगल प्लेस्टोर या विन्डोज स्टोर से नि:शुल्क डाउनलोड कर सकते हैं। यात्री मोबाइल नंबर, नाम, शहर, रेल की डिफॉल्ट बुकिंग, श्रेणी, टिकट का प्रकार, यात्रियों की संख्या और बार-बार यात्रा करने के मार्गों का विवरण देकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए ओटीपी जनरेट करना होगा। एसएमएस से प्राप्त ओटीपी को एप में डालने पर सफल पंजीकरण होता है। जिसके बाद यात्री को एसएमएस द्वारा ही लॉगिन-आईडी तथा पासवर्ड भेज दिया जाता है।
प्रत्येक रीचार्ज पर 5 प्रतिशत का बोनस
पंजीकरण कराने पर यात्री का शून्य बैलेंस का रेल वॉलेट (आर-वॉलेट) स्वत: ही बन जाएगा। आर-वॉलेट बनाने के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। आर-वॉलेट को किसी भी यूटीएस काउंटर पर या वेबसाइट https://www.utsonmobile.indianrail.gov.in पर उपलब्ध विकल्प के माध्यम से रिचार्ज किया जा सकता है। यात्री को टिकट बुक करने के लिए भुगतान के माध्यम के लिए आर-वॉलेट काम में लेने पर प्रत्येक रीचार्ज पर 5 प्रतिशत का बोनस प्राप्त होता है। आर-वॉलेट में पर्याप्त राशि होने पर ही टिकट बुक किया जा सकेगा तथा यात्रा टिकट रद्द करने पर धन वापसी आर-वॉलेट में टॉपअप के रूप में होगी।
इंटरनेट कनेक्शन जरूरी
मोबाईल एप पर टिकट बुक करने की सुविधा का दुरूपयोग रोकने के लिए भी प्रावधान किए गए है। एप द्वारा यात्री स्वयं के 05 किलोमीटर के दायरे में स्थित स्टेशन से टिकट बुक कर सकता है। यात्रा आरम्भ करने वाले स्टेशन की दूरी अधिक होने पर यात्री को प्रारम्भिक स्टेशन से 05 किलोमीटर के दायरे में आकर टिकट बुक करना होगा। साथ ही यह भी ध्यान रखना होगा कि यात्री और स्टेशन/रेलवे ट्रेक के बीच 150 मीटर की दूरी होने पर ही पेपरलेस टिकट बुक करने की अनुमति मिलेगी। यदि यात्रा टिकट बनाते समय चयनित आरम्भिक या गंतव्य स्टेशन जियोफेन्सिंग क्षेत्र में आता है, तो यात्री की जीपीएस लोकेशन की जांच की जाएगी। सामान्य दशा में जियोफेन्सिंग क्षेत्र में टिकट बनाने पर यात्री को अलर्ट मैसेज प्राप्त होगा। यात्रा करते हुए यात्री द्वारा टिकट बुक नहीं किया जा सकेगा। अग्रिम टिकट बुकिंग की अनुमति नहीं होगी तथा हमेशा वर्तमान तिथि में ही यात्रा की जाएगी।

Published on:
03 Aug 2018 09:58 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
